राष्ट्रभाषा विवाद पर अजय देवगन पर भड़के सोनू निगम, पूछा- 'बाकी देशों से पंगे कम हैं जो तुम अपने देश में..'

सोनू ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि तुम्हारे बाकी देशों से पंगे कम है जो तुम अपने देशों में पंगे खड़े कर रहे हो

अपडेटेड May 03, 2022 पर 2:16 PM
सोनू निगम ने कहा कि संविधान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है

बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के बीच भाषा को लेकर जारी विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पहले कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है। बॉलीवुड अब पैन इंडिया फिल्में बना रहा है। इस पर अजय देवगन ने जवाब देते हुए कहा था कि हिंदी हमारी मातृभाषा और राष्ट्रीय भाषा थी, है और हमेशा रहेगी। अब इस विवाद पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मशहूर सिंगर सोनू निगम ने अपनी राय रखी है।

सोनू निगम ने एक इवेंट में कहा कि संविधान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। यह सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा हो सकती है, लेकिन राष्ट्रभाषा नहीं। साथ ही उन्होंने अजय देवगन के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तुम्हारे बाकी देशों से पंगे कम है जो तुम अपने देशों में पंगे खड़े कर रहे हो।

अजय देवगन पर भड़के सोनू निगम


सिंगर ने कहा, 'मुझे नहीं लगता की संविधान में कहीं भी नहीं लिखा है कि भारत की राष्ट्र भाषा हिंदी है। जहां तक मुझे नॉलेज है और जितना मैंने एक्सपर्ट से पूछा है। यह कहीं नहीं लिखा कि हिंदी हमारी राष्ट्र भाषा है। हिंदी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। क्या आपको पता है कि तमिल सबसे पुरानी भाषा है? तमिल और संस्कृत के बीच भी यही झगड़ा रहता है, लेकिन तमिल इस दुनिया की सबसे पुरानी भाषा है।"

ये भी पढ़ें- Heatwave Forecast: तेज हवा चलने से चिलचिलाती गर्मी और लू से मिली राहत, इन राज्यों में झमाझम बारिश होने के आसार

सोनू ने बिना किसी का नाम लिए आगे कहा, "तुम्हारे बाकी देशों से पंगे कम है जो तुम अपने देशों में पंगे खड़े कर रहे हो। ये डिस्कशन क्यों हो रहा? हमें करना ही क्यों है। तुम तमिलियन हो तुम हिंदी बोलो यह कहकर तुम अपने ही देश में दुश्मन खड़े कर रहो। कोई क्यों बोलेगा, जिसको जो बोलना है वो बोलेगा। तुम क्यों किसी के पीछे पड़े हो कि देश में एक भाषा बोली जाए। हमारे कोर्ट की जजमेंट इंग्लिश में होती है। यह बहस ही गलत है। किसी पर कोई भाषा थोपना नहीं चाहिए।"

किच्चा सुदीप और अजय देवगन के बीच शुरू हुआ विवाद

आपको बता दें कि किच्चा सुदीप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि हिंदी अब राष्ट्रभाषा नहीं रही। वे (बॉलीवुड) आज पैन-इंडियन फिल्में कर रहे हैं। वे तेलुगु और तमिल में डबिंग करके (सफलता पाने के लिए) संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। आज हम ऐसी फिल्में बना रहे हैं जो हर जगह देखी जा रही हैं।

किच्चा सुदीप के इंटरव्यू के इस हिस्से पर अजय देवगन ने ट्विटर पर प्रतिक्रिया दी। अजय देवगन ने ट्वीट कर लिखा था कि मेरे भाई, आपके अनुसार अगर हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यूं रिलीज करते हैं? हिंदी हमारी मातृभाषा और राष्ट्रीय भाषा थी, है और हमेशा रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।