Heatwave Forecast: तेज हवा चलने से चिलचिलाती गर्मी और लू से मिली राहत, इन राज्यों में झमाझम बारिश होने के आसार

देश के अनेक हिस्सों में आंधी चलने और हल्के बादल छाए रहने से लोगों को भयंकर तपिश से कुछ राहत महसूस हुई है

अपडेटेड May 03, 2022 पर 1:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश होने की संभावना है

Heatwave Forecast: उत्तर प्रदेश में पिछले करीब डेढ़ महीने से जारी प्रचंड गर्मी के दौर के बाद सोमवार को मौसम ने करवट ली। इस दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में आंधी चलने और हल्के बादल छाए रहने से लोगों को भयंकर तपिश से कुछ राहत महसूस हुई।

गत मार्च और अप्रैल मैं रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने के बाद मई की शुरुआत से मौसम में कुछ तब्दीली शुरू हुई थी। सोमवार को प्रदेश के फिरोजाबाद, हमीरपुर, जालौन, मैनपुरी और महोबा समेत अनेक हिस्सों में तेज आंधी आने और हल्की बदली छाने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

ये भी पढ़ें- Delhi Airport बना दुनिया का दूसरा सबसे बिजी एयरपोर्ट, दुबई को भी छोड़ा पीछे


लखनऊ स्थित मौसम केंद्र ने आगामी चार मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि तीन और चार मई को प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश भी हो सकती है।

झमाझम बारिश होने के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि अगले तीन दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। अगले तीन दिनों के दौरान मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।

हालांकि, अगले दो दिनों में गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज और बिजली के साथ हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद गरज, बिजली और आंधी के साथ काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 3 से 6 मई के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की गति) चलने की संभावना है। वहीं, 3 और 4 मई को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।

अगले तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी, गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। राजस्थान, विदर्भ, तेलंगाना के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को अधिकतम तापमान 43-47 डिग्री सेल्सियस था।

अप्रैल पिछले 122 वर्षों में सबसे अधिक गर्म रहा

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस साल अप्रैल पिछले 122 सालों में सबसे अधिक गर्म रहा, जहां औसत अधिकतम तापमान क्रमश: 35.9 डिग्री सेल्सियस और 37.78 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। अप्रैल के दौरान देशभर में औसत तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि 122 वर्षों में चौथी बार सबसे अधिक रहा है।

IMD के मुताबिक, देश के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भागों (गुजरात, राजस्थान, पजांब और हरियाणा) को मई में भी सामान्य से अधिक तापमान का सामना करना होगा। मौसम एजेंसी ने कहा कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों में मई के दौरान रात में भी गर्मी का अहसास होगा।

मौसम विभाग ने कहा कि देश में इस साल मई के दौरान औसत बारिश सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। साथ ही कहा कि मई में उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।