Delhi Airport बना दुनिया का दूसरा सबसे बिजी एयरपोर्ट, दुबई को भी छोड़ा पीछे

Atlanta पहले स्थान पर कायम है, दुबई इस महीने (मार्च) में दिल्ली से पिछड़ गया है जो पिछले महीने (फरवरी) में तीसरे स्थान पर था

अपडेटेड May 03, 2022 पर 12:13 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली एयरपोर्ट कोरोना महामारी से पहले मार्च 2019 में 23वें स्थान पर था

दुनियाभर के सबसे व्यस्त इंटरनेशनल एयरपोर्ट में दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। वैश्विक यात्रा संबंधी आंकड़े उपलब्ध कराने वाली संस्था ऑफिशियल एयरलाइन गाइड (OAG) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा कि घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों के मामले में दिल्ली एयरपोर्ट मार्च में दुनिया का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट था।

OAG की रिपोर्ट में कहा गया है कि अटलांटा पहले स्थान पर कायम है, दुबई इस महीने (मार्च) में दिल्ली से पिछड़ गया है जो पिछले महीने (फरवरी) में तीसरे स्थान पर था। हैरानी की बात यह है कि दिल्ली एयरपोर्ट कोरोना महामारी से पहले मार्च 2019 में 23वें स्थान पर था।

IGI पर 36 लाख से ज्यादा यात्री आए 


रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल मार्च में, अमेरिका के अटलांटा, भारत के दिल्ली और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई एयरपोर्ट पर क्रमश: 44.2 लाख यात्री, 36.1 लाख यात्री और 35.5 लाख यात्री आए।

ये भी पढ़ें- Clashes in Jodhpur: दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद जोधपुर में तनाव! इंटरनेट सेवाएं बंद, गहलोत ने की शांति बनाए रखने की अपील

दिल्ली एयरपोर्ट इंटरनेशनल लिमिटेड (DIAL) के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने एक बयान में कहा कि कोविड-19 महामारी ने दुनिया को बुरी तरह प्रभावित किया था। यात्रा प्रतिबंधों ने लगातार दो साल तक यात्रा और पर्यटन क्षेत्रों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला था।

प्रतिबंधों में दी जा रही है ढील

उन्होंने कहा कि लेकिन अब, दुनिया भर में वैक्सीन ले चुके लोगों की संख्या में वृद्धि के साथ सरकारें यात्रा प्रतिबंधों में ढील दे रही हैं और धीरे-धीरे अपनी सीमाएं खोल रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले महीने अपनी सीमाएं खोल दी हैं और पूरी तरह से वैक्सीनेशन करा चुके इंटरनेशनल यात्रियों को देश में प्रवेश करने की अनुमति दी है।

उन्होंने कहा कि इन कदमों से यात्रा और पर्यटन उद्योग को काफी मदद मिली है और हवाई यात्रा को जरूरी बढ़ावा मिला है। दुनिया के टॉप-10 इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जो नाम सामने आए, इनमें पहले नंबर पर अटलांटा, दूसरे पर दिल्ली एयरपोर्ट, तीसरे पर दुबई, चौथे पर लंदन का हीथ्रो, पांचवे नंबर पर डलास, छठा शिकागो, सातवां लॉस एजेंल्स, आठवां डेनवर, नवां टोक्यो और दसवां नंबर चीन का गुआंगजू एयरपोर्ट का नंबर आया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।