बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) और उनकी अलग रह रहीं पत्नी आलिया सिद्दीकी (Aaliya Siddiqui) बीते काफी वक्त से घरेलू विवाद के चलते सुर्खियों में थे। हालांकि इस लंबी बहस बाजी के बाद कपल ने अलग होने का फैसला लिया है और सेटलमेंट को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है। एक तरफ जहां नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर व्यस्त चल रहे हैं। वहीं, एक्टर की पत्नी आलिया अपनी पर्सनल लाइफ में व्यस्त हो गई हैं। जी हां, आलिया सिद्दीकी को पति नवाज से अलग होने के बाद दूसरा प्यार मिल गया है। आलिया ने इंस्टाग्राम पर अपने नए पार्टनर के साथ तस्वीर शेयर करके सभी को ये बता दिया है कि उन्हें नया प्यार मिल गया है।
दरअसल, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की अलग रह रही पत्नी आलिया सिद्दीकी ने हाल ही में एक नए पार्टनर के साथ खुद की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "क्या मुझे खुश रहने का अधिकार नहीं है?" उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता बड़ा है और सिर्फ दोस्ती से परे है। कुछ हफ्ते पहले तक आलिया ने नवाज़ुद्दीन के साथ अपने मतभेदों के लिए लगातार सुर्खियां बटोरीं, क्योंकि वह अपने दो बच्चों के साथ उनके घर में जबरदस्ती रुकी हुई थी और बाद में दावा किया कि उन्हें एक रात घर से जबरन बाहर निकाल दिया गया था।
सोमवार को इंस्टाग्राम पर आलिया सिद्दीकी ने हाथ में कॉफी का कप लिए हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की। वह एक काले और लाल रंग की ड्रेस में एक ऐसे अनजान व्यक्ति के साथ दिखाई दे रही है जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने फोटो के कैप्शन में लिखा, "मैंने जिस रिश्ते को संजोया है, उससे बाहर निकलने में 19 साल से ज्यादा का समय लगा है। लेकिन मेरे जीवन में मेरे बच्चे मेरी प्राथमिकता हैं। वे हमेशा थे और रहेंगे। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं जो दोस्ती से भी बड़े होते हैं और ये रिश्ता वही रिश्ता है। मैं उसी से बहुत खुश हूं। इसलिए अपनी खुशी आप सबके साथ बांटी। क्या मुझे खुश रहने का अधिकार नहीं है?"
आलिया ने इसके बारे में 'ईटाइम्स' से बताया, "हां, मैं आगे बढ़ चुकी हूं और मेरा यह रिश्ता दोस्ती से बढ़कर है। ऐसा नहीं है कि हमारे बीच कोई कमिटमेंट नहीं है। मेरी अपनी जिंदगी है, जिसे मुझे अपने बच्चों के साथ जीना है और मैं अपने बच्चों को कोई दिक्कत नहीं देना चाहती। लेकिन, यह एक सम्मानजनक रिश्ता है। कुछ ही समय की बात है। यह एक आदत है, अगर आप कुछ अच्छा भी करते हैं, तब भी लोग आपके बारे में बुरा ही कहेंगे।"
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बार तलाक हो जाने के बाद आलिया 'सिद्दीकी' सरनेम को छोड़ देंगी। आलिया का यह स्पेशल पार्टनर भारत से नहीं हैं, बल्कि इटली के रहने वाले हैं। हालांकि दोनों की मुलाकात कैसे और कब हुई इस पर कोई जानकारी नहीं है। लेकिन आलिया की मानें तो दोनों दुबई में मिले थे और दोनों में काफी लंबे समय तक दोस्ती थी, लेकिन अब उनका रिश्ता दोस्ती से बढ़कर है।
आलिया के इस पोस्ट पर तमाम लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं और उनके सरनेम हटाने को कह रहे हैं। तो वहीं कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं, जो आलिया का समर्थन कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा,- हां आपको खुश रहने का हक है, आपके लिए ढेर सारी खुशियों और प्यार की दुआ करती हूं। वहीं, अन्य यूजर ने लिखा- आपको बहुत खुशियां दें। हालांकि कुछ यूजर्स का कहना है कि इसलिए ही आपने ये सब कुछ किया था। वहीं, कई लोग ये भी सोच रहे हैं कि आलिया ने मूव ऑन कर लिया है और वह अपनी लाइफ में आगे बढ़ गई हैं, जो एक्टर के लिए गुड न्यूज है।
आलिया और नवाजुद्दीन के बीच विवाद
आलिया और नवाजुद्दीन के दो बच्चे हैं, 12 साल की बेटी शोरा और 7 साल का बेटा यानी। दोनों इस समय दुबई में पढ़ाई कर रहे हैं। कोर्ट ने आदेश दिया है कि बच्चों की पढ़ाई को दुबई में जारी रखा जाए। अलिया ने एक्टर पर अपने बच्चों को छोड़ने का आरोप लगाया था। नवाजुद्दीन ने दावा किया था कि आलिया बच्चों को बिना बताए दुबई से भारत ले आई थी। इससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही थी, क्योंकि वे स्कूल नहीं जा रहे थे। नवाजुद्दीन द्वारा आलिया के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने के बाद हाल ही में कहा गया था कि संपत्ति विवाद के बीच दोनों एक समझौते पर पहुंच गए हैं।