Nawazuddin Siddiqui: पत्नी आलिया से जारी विवाद के बीच घर छोड़ मुंबई के होटल में रह रहे हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी! जानें क्या है पूरा मामला

एक रिपोर्ट के अनुसार, नवाजुद्दीन सिद्दीकी तब तक होटल में ही रहेंगे जब तक कि उनके वकील उनके घर 'नवाब' को लेकर जारी कानूनी मुद्दों को हल नहीं कर देते। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आलिया सिद्दीकी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। आलिया ने अभिनेता और उनके परिवार पर क्रूरता एवं घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। आलिया ने मुंबई पुलिस पर भी नवाजुद्दीन के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है

अपडेटेड Feb 06, 2023 पर 5:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आलिया ने नवाजुद्दीन और उनके परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन लोगों ने पिछले एक सप्ताह से खाना नहीं दिया है

नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) और उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी (Rizwan Siddiquee) के बीच जारी विवाद के बीच खबर आई है कि अभिनेता अपना घर छोड़कर मुंबई के एक होटल में शिफ्ट हो गए हैं। Bollywood Hungama की एक रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी तब तक होटल में रहेंगे जब तक कि उनके वकील उनके घर 'नवाब (Nawaab)' को लेकर जारी कानूनी मुद्दों को हल नहीं कर देते। बता दें कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आलिया सिद्दीकी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। आलिया ने अभिनेता और उनके परिवार पर क्रूरता एवं घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है।

आलिया ने मुंबई की वर्सोवा पुलिस पर अभिनेता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। उनके खिलाफ हाल ही में दुबई से लौटने के बाद अभिनेता के घर में एंट्री करने को लेकर FIR दर्ज की गई थी। अंधेरी कोर्ट में घरेलू हिंसा का एक मामला चल रहा है। इस मामले में नवाजुद्दीन समेत उनके परिवार के सभी को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। इस बीच, आलिया ने भी कथित तौर पर अभिनेता की मां मेहरुन्निसा सिद्दीकी (Mehrunisa Siddiqui) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

आलिया का सनसनीखेज आरोप


आलिया के वकील रिजवान सिद्दीकी (Rizwan Siddiquee) ने नवाजुद्दीन और उनके परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन लोगों ने आलिया को पिछले एक सप्ताह से खाना नहीं दिया है। इसके साथ ही सोने के लिए बेड और नहाने के लिए बाथरूम तक इस्तेमाल नहीं करने दिया है। वकील का आरोप है कि आलिया को घर से निकालने के लिए हर संभव कोशिश की। पुलिस द्वारा धमकी भी दिलवाई गई। अब उनके ऊपर जुल्म ढाए जा रहे हैं।

एक हफ्ते से ससुराल वाले कर रहे हैं प्रताणित!

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी आलिया सिद्दीकी के वकील रिजवान ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, 'पिछले सात दिनों से आलिया को नवाजुद्दीन और उनके परिवार ने खाना नहीं दिया है। यहां तक कि सोने के लिए बिस्तर और नहाने के लिए बाथरूम तक नहीं दिया है। कमरे में CCTV कैमरा लगवा दिया है और 24 घंटे बॉडीगार्ड तैनात रहता है।' आलिया एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

आलिया ने इससे पहले TOI को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि कपल चार साल से अधिक समय से अलग रह रहे हैं। जब वह अपने बच्चों से मिलने के लिए कहती हैं तो अभिनेता बहाना बनाने लगते हैं। उन्होंने कहा था, "मैंने बच्चों को कुछ नहीं बताया। हालांकि वे परेशान हैं और मुझसे पूछते रहते हैं कि 'पापा कहां है?' 'कहां शूट कर रहे हैं?' मैं उन्हें बताती रहती हूं कि वह अमेरिका के न्यूयॉर्क में शूटिंग कर रहे हैं। लेकिन क्या मुझे ऐसा कई सालों तक करना चाहिए?”

उन्होंने यह भी उल्लेख किया था कि मुंबई में अपने ऑफिस में काम करते हुए भी नवाज कभी भी अपने बच्चों से मिलने नहीं गए। आलिया द्वारा अपनी शादी के बारे में कुछ खुलासे करने के बाद से यह कपल 2020 से सुर्खियों में है। 2020 में अभिनेता की पत्नी ने उन पर अनुपस्थित पिता होने, सार्वजनिक रूप से उनका अनादर करने का आरोप लगाया।

आलिया के खिलाफ FIR दर्ज

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मां की शिकायत पर हाल ही में उनकी पत्नी आलिया के खिलाफ कथित रूप से घर में जबरन प्रवेश करने और चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया था। वर्सोवा थाने के अधिकारी ने बताया कि अभिनेता की मां शिकायतकर्ता मेहरुन्निसा सिद्दीकी ने आरोप लगाया है कि आलिया ने उनके घर में घुसकर बहस करने के बाद उन पर हमला किया। जैनब से मामले में पूछताछ की गई।

उन्होंने बताया कि आलिया सिद्दीकी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 452 (चोट, मारपीट या गलत नीयत से घर में घुसना), 323 ( चोट पहुंचाना) और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच की जा रही है। इस बीच, पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना अभिनेता, उनकी पत्नी और उनकी मां के बीच संपत्ति विवाद का नतीजा हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Video: नवाजुद्दीन सिद्दीकी पर उनकी पत्नी आलिया ने क्रूरता और घरेलू हिंसा का लगाया आरोप, कहा- एक सप्ताह से जुल्म ढा रहे हैं ससुरालवाले

FIR में कहा गया था कि जब नवाजुद्दीन एक फिल्म की शूटिंग के लिए मुंबई से बाहर थे तब वह उनके घर में दाखिल हुईं। हालांकि, आलिया के वकील ने आरोप लगाया है कि शिकायत जल्दबाजी और अभिनेता के दबाव में दर्ज की गई थी। आलिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर नवाजुद्दीन की मां द्वारा दायर FIR को रद्द करने की मांग की है। कपल ने 2009 में शादी की थी और उनके दो बच्चे शोरा सिद्दीकी और यानी सिद्दीकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।