200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने अब बॉलिवुड अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। सुकेश ने एक पत्र लिखते हुए नोरा के बारे में दावा किया है कि, वे जैकलीन फर्नांडीज (jacqueline fernandez) के साथ संबंध की वजह से उनसे ईर्ष्या करती थीं। सुकेश ने कहा कि नोरा ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के सामने अपना बयान भी बदल दिया था।
नोरा फतेही ने कोर्ट में दायर की थी याचिका
बता दें कि सुकेश का यह दावा उस वक्त सामने आया है जब दिल्ली की एक अदालत ने जैकलीन फर्नांडीज के खिलाफ नोरा फतेही की एक याचिका को स्थगित कर दिया है। नोरा ने जैकलीन पर दुर्भावनापूर्ण कारणों के चलते उनके करियर को खराब करने और मानहानि का आरोप लगाया था। 20 जनवरी को लिखे गए अपने एक पत्र में चंद्रशेखर ने यह दावा किया था कि नोरा फतेही का ईडी को दिया गया पहला बयान आर्थिक अपराध शाखा को दिये गए बयान से अलग है। नोरा ने पूरा बयान बदल दिया है और कहानियां बना रही हैं। इसे ED और EOW द्वारा फाइल की गई चार्जशीट से सत्यापित भी किया जा सकता है।
जैकलीन से ईर्ष्या करती थीं नोरा
सुकेश ने आरोप लगाया है कि नोरा हमेशा से ही जैकलीन से ईर्ष्या करती थी और जैकलीन के खिलाफ उसका ब्रेनवॉश भी करती थी। वह चाहती थी कि मैं जैकलीन को छोड़कर उसे डेट करना शुरू कर दूं। सुकेश ने यह भी आरोप लगाया कि नोरा उसे दिन में कम से कम 10 बार कॉल करने की कोशिश करती थी। सुकेश ने यह भी कहा कि नोरा का यह दावा कि उसने मुझसे एक लग्जरी कार को लेने से मना कर दिया था यह भी झूठ है। मैने उनके लिए कार खरीदी थी जिसके चैट और स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर ईडी के पास है।
सुकेश ने नोरा फतेही को दी थी BMW कार
सुकेश ने अपने पत्र में यह दावा किया है कि वह नोरा को एक रेंज रोवर कार देना चाहता था। लेकिन बाद में उसने नोरा के लिए BMW 5 सीरीज की एक कार खरीदी थी। बता दें कि सुकेश का दावा नोरा फतेही द्वारा किए गए दावों से बिलकुल अलग है। नोरा फतेही ने बताया था कि सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल ने उन्हें दिसंबर 2022 में चेन्नई के एक फाइव स्टार होटल में आयोजित एक चैरिटी प्रोग्राम के लिए बुलाया था और जिसके बदले में उनको नया आईफोन, एक गुच्ची का बैग और एक BMW कार की पेशकश की थी।
नोरा के जीजा को दी गई थी कार
नोरा फतेही ने कहा था कि कार उनको नहीं बल्कि उनके जीजा को दी गई थी जिसे कि फरवरी 2021 में बेच भी दिया गया था। नोरा ने एजेंसियों को दिए अपने बयान में कहा था कि मुझे केवल एक आईफोन और गुच्ची का बैग मिला था। जबकि BMW कार मेरी कजिन के पति को दी गई थी। सुकेश ने अपने आरोप लगाया है कि उन्होंने नोरा के साथ कभी भी कोई पेशेवर लेन-देन नहीं किया था। केवल एक बार उन्होंने अभिनेत्री को पेमेंट किया था जब वे उसके कैंसर फाउंडेशन के एक प्रोग्राम में शामिल हुई थीं।
नोरा को घर खरीदने के लिए सुकेश ने दिए थे पैसे
सुकेश ने नोरा पर घर खरीदने के लिए पैसे लेने का आरोप भी लगाया है। सुकेश ने कहा कि नोरा ने मोरक्को के कैसाब्लांका में अपने परिवार के लिए प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर पहले ही उनसे काफी पैसा ले लिया था। सुकेश ने निक्की जानबोली और चाहत खन्ना के आरोपों को खंडन किया किया। सुकेश ने कहा कि वे जैकलीन का सम्मान करते हैं।