बॉलीवुड की अभिनेत्री नुसरत भरूचा (Nushrratt Bharuccha) इजराइल से सुरक्षित वापस भारत लौट चुकी हैं। शनिवार को जब हमास ने इजराइल पर अटैक किया था उस वक्त नुसरत इजराइल में ही फंसी हुई थीं। उनकी टीम उनसे संपर्क भी नहीं कर पा रही थी। हालांकि बाद में नुसरत को सुरक्षित तरीके से वापस भारत लाया जा सका। भारत आने के बाद अब नुसरत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में नुसरत ने इजराइल में बिताए 36 घंटों के बारे में बताया है।
नुसरत ने बताया इजराइल में कैसा गुजरा वक्त
अपने ऑफीशियल इंस्टाग्राम (Instagram) हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए नुसरत ने कहा कि आखिरी हफ्ता हमेशा मेरी यादों में रहेगा। वह वक्त मेरे लिए एक रोलरकोस्टर राइड की तरह से था। जिसके आखिरी के 36 घंटे मेरी जिंदगी के कभी ना भूल पाने वाले लमहों में से एक हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो के अलावा एक नोट भी लिखा।
नुसरत ने अपने नोट में लिखा कि मैं इस बात की बहुत आभारी हूं कि मैं सुरक्षित तरीके से इजराइल से बाहर निकल सकी। मैं घर वापस आ गई हूं और अपने परिवार के साथ सुरक्षित हूं। लेकिन यह एक ऐसा एक्सपीरियंस था जिसके लिए मैं हमेशा मुझे बचाने वालों की आभारी रहूंगी। अक्सर हम इसे हल्के में लेते हैं। मैं अपनी टीम और मुझे सुरक्षित वापस लाने में उनकी मदद के लिए भारत सरकार, भारतीय दूतावास और इजरायली दूतावास की आभारी हूं। मैं अपने हर एक फैंस को भी मेरी सलामती की दुआ करने के लिए दिल से शुक्रिया कहना चाहती हूं।
हाइफा फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने इजराइल गई थीं नुसरत
नुसरत भरूचा हाइफा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए इजराइल गई हुईं थीं। उनकी फिल्म अकेली को फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था। शनिवार को, जब हमला हुआ, उनकी टीम ने मीडिया को बताया कि उन्होंने तुरंत ही नुसरत से बात की थी लेकिन शनिवार दोपहर के बाद से उनके कॉन्टैक्ट नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि वह एक इमारत के बेसमेंट में थी और खुद को हमलों से बचा रही थी।