Gene Hackman Death: ऑस्कर विनिंग हॉलीवुड एक्टर और उनकी पत्नी की घर पर मिला शव, पुलिस कर रही मामले की जांच

Gene Hackman Death: ऑस्कर विजेता और हॉलीवुड के मशहूर एक्टर जीन हैकमैन का निधन हो गया है। वह और उनकी पत्नी बेट्सी अपने घर में मृत पाए गए। इस खबर से को सुनकर हर कोई हैरान है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है

अपडेटेड Feb 27, 2025 पर 4:21 PM
Gene Hackman Death: ऑस्कर विजेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा का शव उनके न्यू मैक्सिको स्थित घर में मिला है

हॉलीवुड के मशहूर एक्टर जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा का निधन हो गया है। ऑस्कर विजेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी का शव उनके न्यू मैक्सिको स्थित घर में मिला है। दोनों की अचानक मौत से उनके फैंस सहित हर कोई हैरान है। अधिकारियों ने कहा कि किसी तरह की गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सांता फे काउंटी के शेरिफ एडन मेंडोजा ने बताया कि बुधवार दोपहर जीन हैकमैन, उनकी पत्नी बेट्सी और उनका कुत्ता मृत पाए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी तरह की गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं।

किसी भी साजिश की आशंका नहीं


एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, ऑस्कर विजेता अभिनेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा की मौत में किसी तरह की साजिश का शक नहीं है। हालांकि उनकी मौत कैसे हुई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल अभी इस मामले की जांच जारी है। इस खबर की पुष्टि कई मीडिया आउटलेट्स, जैसे सांता फ़े न्यू मैक्सिकन, वैरायटी और स्काई न्यूज ने की है।

कपल और उनके पालतू कुत्ते की लाश मिली

95 वर्षीय जीन हैकमैन और उनकी 63 वर्षीय पत्नी बेट्सी अराकावा अपने न्यू मैक्सिको स्थित घर में मृत पाए गए। सांता फे काउंटी शेरिफ के प्रवक्ता डेनिस एविला ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे अधिकारी उनके घर पहुंचे। घर के अंदर जाने पर उन्होंने कपल और उनके पालतू कुत्ते को मृत पाया।

जीत चुके हैं कई अवॉर्ड

जीन हैकमैन हॉलीवुड के फेमस और बेहतरीन अभिनेताओं में से एक थे। अपने 60 साल से भी ज्यादा लंबे करियर के दौरान एक्टर ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। उन्हें 'द फ्रेंच कनेक्शन' और 'अनफॉरगिवेन' में बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए दो ऑस्कर अवॉर्ड भी मिल है। 'बोनी एंड क्लाइड' में उनका दमदार एक्टिंग की काफी चर्चा हुई। अपने करियर में उन्होंने दो बाफ्टा, चार गोल्डन ग्लोब और एक स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड सहित कई बड़े सम्मान जीते।

साल 1991 में हुई थी दोनों की शादी

जीन हैकमैन ने 'रनअवे जूरी' और 'द कन्वर्सेशन' जैसी सराही गई फिल्मों में भी काम किया। इसके अलावा, जीन हैकमैन वेस एंडरसन की 'द रॉयल टेनेनबम्स' में भी नजर आए। उनकी आखिरी फिल्म 'वेलकम टू मूसपोर्ट' थी जो 2004 में आई थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग से संन्यास ले लिया। जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा ने अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा है। जीन हैकमैन और बेट्सी अराकावा ने साल 1991 में शादी की थी।

Delhi Fire: सेलेक्ट सिटी मॉल के सिनेमा हॉल में फिल्म 'छावा' देख रहे थे दर्शक, लगी आग, मचा हड़कंप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।