Sanam Teri Kasam: हर्षवर्धन राणे और पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन की फिल्म 'सनम तेरी कसम' साल 2016 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उस समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी कोई खास कमाई नहीं कर पाई थी। हाल ही में फिल्म को दुबारा से सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। री-रिलीज के बाद फिल्म ने केवल दो दिन में ही अपनी पिछली कमाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
फैंस फिल्म में हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन की केमिस्ट्री को काफी पसंद कर रहे हैं। हर्षवर्धन और मावरा ने इसी फिल्म से बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया था। हाल ही में फिल्म की सफलता पर पाकिस्तान से एक्ट्रेस मावरा ने अपना रिएक्शन दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने पति को लकी चार्म भी बताया।
फरीदून शहरयार को दिए एक इंटरव्यू में मावरा होकेन ने फिल्म की सक्सेस पर खुशी जताते हुए कहा, "अगर इस फिल्म को इतनी बड़ी सक्सेस पाने में नौ साल लगे, तो मुझे लगता है कि यह मेरे पति की किस्मत से हुआ है। क्योंकि तब से सिर्फ एक ही चीज बदली है और वो है मेरी शादी। फिल्म तो पहले से ही थी, लेकिन इसकी दोबारा रिलीज और मेरी शादी की तारीख एक जैसी होना वाकई खास लगता है।" उन्होंने यह भी बताया कि 'सनम तेरी कसम' की रिलीज के बाद से उन्हें हमेशा भारत से बहुत प्यार मिला है।
मावरा होकेन ने आगे कहा, "जो प्यार हमें मिल रहा है, वह मेरे लिए अविश्वसनीय है। मैं कुछ देख पा रही हूं और यकीनन बहुत कुछ मुझसे छूट भी रहा होगा। लेकिन जो दिख रहा है, वह दिल छू लेने वाला है। इसके लिए मैं सिर्फ आभारी हूं।"
कब हुईं थी मावरा होकेन की शादी
मावरा होकेन ने 5 फरवरी को एक निजी समारोह में पाकिस्तानी अभिनेता अमीर गिलानी से शादी की। इसके कुछ ही दिनों बाद 7 फरवरी को उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म 'सनम तेरी कसम' को फिर से सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। फिल्म मेकर्स का फिल्म को दोबारा रिलीज करने का फैसला काफी अच्छा रहा। सनम तेरी कसम फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जुनैद खान और खुशी कपूर की 'लवयापा' और हिमेश रेशमिया की 'बदमाश रविकुमार' जैसी नई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।