शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की फिल्म पठान (Pathaan) बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के नए झंडे गाड़ रही है। पठान ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब इस फिल्म के नाम पर एक और बड़ी कामयाबी दर्ज हो गई है। इस फिल्म ने ऐतिहासिक बाहुबली 2 (Bahubali2) के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को ब्रेक कर दिया है। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक रिलीज होने के सिर्फ तीन दिनों के अंदर ही पठान ने एसएस राजामौली की फिल्म बाहुबली 2 को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
वीकेंड में कलेक्शन में पठान ने बनाया रिकॉर्ड
पिंकविला के ,मुताबिक पठान ने शुक्रवार को लगभग 35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके साथ ही इस वीकेंड पठान का टोटल कलेक्शन 160 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पठान ने वीकेंड कलेक्शन के मामले में बाहुबली 2 और KGF 2 जैसी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बाहुबली ने वीकेंड में 127 करोड़ रुपये और KGF 2 ने वीकेंड में 140 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।
पहले दिन बनाया था कमाई का रिकॉर्ड
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान ने अपने पहले ही दिन 55 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पहले दिन की कमाई के मामले में पठान ने केजीएफ 2 का रिकॉर्ड तोड़ा था। केजीएफ 2 ने पहले ही दिन 53.95 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पठान ने दूसरे दिन 68 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
चार साल के बाद पठान से वापसी कर रहे हैं शाहरुख खान
बता दें कि शाहरुख खान ने चार साल बाद अपनी फिल्म पठान के जरिए बॉक्स ऑफिस पर वापसी की है। इस फिल्म में शाहरुख के अपोजिट दिपिका पादुकोण हैं। वहीं जॉन अब्राहम ने इसमें विलेन की भूमिका निभाई है। दिपिका और जॉन के अलावा इस फिल्म में सलमान खान का एक कैमियो भी है। वहीं डिंपल कपाड़िया और आशुतोष राणा ने भी इस फिल्म में रोल किया है। पठान को डायरेक्ट किया है सिद्धार्थ आनंद ने और यह फिल्म यशराज बैनर के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है।