Pathaan Review: शाहरुख खान की ‘पठान’ की भारत सहित दुनियाभर में जबरदस्त ओपनिंग, पढ़ें दर्शकों के रिएक्शन
Pathaan Review: बॉलीवुड सुपरस्टार Pathaan के साथ 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। शाहरुख के फैंस इस फिल्म के लिए बहुत ज्यादा उत्साहित हैं, क्योंकि किंग खान इसमे एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। शाहरुख खान के साथ इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी मुख्य भूमिका में हैं
Pathaan Review: भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से भी फैंस का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहा है
Shah Rukh Khan Pathaan Review: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की फिल्म ‘पठान (Pathaan)’ आखिरकार तमाम विरोध-प्रदर्शनों के बीच आज 25 जनवरी को भारत सहित दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। 'पठान' को लेकर सोशल मीडिया पर जितना बायकॉट और विरोध रहा है उतना ही जोश उनके फैंस ने एडवांस बुकिंग में दिखा दिया है। बॉलीवुड सुपरस्टार इस फिल्म के साथ 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। शाहरुख के फैंस इस फिल्म के लिए बहुत ज्यादा उत्साहित हैं, क्योंकि किंग खान इसमे एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। शाहरुख खान के अलावा इस फिल्म में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) और जॉन अब्राहम (John Abraham) भी मुख्य भूमिका में हैं।
भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फिल्म को लेकर बंपर क्रेज देखा जा रहा है। फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने वाले फैंस फिल्म का रिव्यू सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। भारत सहित विदेशों से भी फैंस का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहा है। शाहरुख खान के फैंस फिल्म की तारीफें करते नहीं थक रहे हैं। लोग पठान में शाहरुख खान के एक्शन की जमकर सराहना कर रहे हैं।
भारत में SRK के फैंस में 'पठान' का क्रेज साफतौर पर देखा जा रहा है। आलम ये है कि देश के कई राज्यों में सुबह 6 बजे से ही 'पठान' के शो शुरू हो गए हैं। पहले दिन के लिए सिनेमाघरों की 80 फीसदी सीटें भर चुकी हैं। ट्रेड एनालिस्ट्स को भरोसा है कि 'पठान' बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 50 करोड़ रुपये की बंपर कमाई करेगी।
यूजर्स के रिएक्शन
एक यूजर ने लिखा, "अभी-अभी Pathaan देखी है। मैं क्या कहूं यार? जाओ देखो!!! फिल्म को प्यार दो!" वहीं, एक विदेशी यूजर ने लिखा, "4 साल बाद शाहरुख की कोई फिल्म आई है। थिएटर खचाखच भरा हुआ है! साथ ही देखने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि स्पॉइलर न दें क्योंकि यह एक थ्रिलर है!- ऑकलैंड, न्यूजीलैंड!" एक तीसरे यूजर ने फिल्म का एक सीन शेयर करते हुए लिखा कि नेक्स्ट लेवल और साथ ही फायर का इमोजी शेयर किया है।
मशहूर ट्रेड एनालिस्ट्स तरण आदर्श के मुताबिक, पठान का पहला शो भारत में सुबह 6 बजे से ही शुरू है। तरण आदर्श ने खुलासा किया है कि पठान भारत में हिंदी, तमिल और तेलुगु में कुल 5,200 स्क्रीन पर रिलीज हुई है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2,500 स्क्रीन्स मिले हैं। इसके साथ कुल 7,700 स्क्रीन पर फिल्म की रिलीज हुई है।
पहले दिन 50 करोड़ की कर सकती है कमाई
एडवांस बुकिंग को लेकर दर्शकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के जानकारों को भरोसा है कि ‘पठान’ बॉक्स ऑफिस पर 45 से 50 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ कारोबार शुरू करेगी। मल्टीप्लेक्स चेन INOX के चीफ प्रोग्रामिंग अधिकारी राजेंद्र सिंह ज्याला ने पीटीआई को बताया, “यह फिल्म ‘KGF 2’ की एडवांस बुकिंग के रिकॉर्ड को तोड़ दी है। पठान पहले दिन 45 करोड़ से 50 करोड़ रुपये का कारोबार करेगी।”
दुनियाभर में 7,700 स्क्रीन पर रिलीज हुई यह फिल्म कोरोना महामारी और बॉक्स ऑफिस पर कई तरह के झटकों के बाद गंभीर नुकसान से जूझ रहे बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए 2023 की खुशी का संकेत दे सकती है। मल्टीप्लेक्स, सिंगल स्क्रीन थिएटर और दक्षिण भारत में भी टिकटों की बिक्री में उछाल देखा जा रहा है।
एडवांस बुकिंग ने रचा इतिहास
तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म के पहले दिन (बुधवार) के लिए 5 लाख 56 हजार टिकट बिक चुके हैं। इसके साथ ही पठान एडवांस बुकिंग की रेस में सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है। जबकि, एडवांस बुकिंग की रेस में दूसरी भारतीय फिल्म है। पठान से आगे बस तेलुगु फिल्म 'बाहुबली 2- द कन्क्लूजन' का हिंदी डब वर्जन है, जिसने 6.50 लाख टिकटों की एडवांस बुकिंग हासिल की थी।
तरण आदर्श ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, “फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये के पहले दिन के कलेक्शन के साथ एक ऐतिहासिक शुरुआत करने जा रही है। खासतौर पर इसकी एडवांस बुकिंग को देखते हुए बॉक्स ऑफिस पर वापसी ‘पठान’ से शुरू होगी। यह बहुत दुर्लभ है। कल कामकाजी दिन है।”
5 दिन पहले ही शुरू हो गई एडवांस बुकिंग
यश राज फिल्म्स की 'पठान' से 2018 की 'जीरो' के बाद शाहरुख खान बड़ी स्क्रीन पर बतौर लीड हीरो वापसी कर रहे हैं। 'पठान' की एडवांस बुकिंग 20 जनवरी से शुरू हो गई है। तरण आदर्श ने कहा कि ‘पठान’ बॉलीवुड में नई जान डालेगी। उन्होंने कहा कि यह फिल्म एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए एक शानदार 2023 की शुरुआत करेगी, जो कि कोविड-19 महामारी के दौरान और 2022 में एक कमजोर दौर से गुजरा।
100 से अधिक देशों में हुई रिलीज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पठान दुनिया भर में किसी भी बॉलीवुड फिल्म की सबसे बड़ी रिलीज होने वाली है। यह जासूसी फिल्म 100 से अधिक देशों में रिलीज हुई है और विदेशों में 2500 से अधिक स्क्रीनों पर प्रदर्शित की जाएगी। पठान में शाहरुख खान एक जासूस एजेंट की भूमिका में होंगे।