Shahrukh Khan की फिल्म पठान (Pathaan) ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा कर रखा है। इस फिल्म के नाम पर हर दिन कोई न कोई नया रिकॉर्ड जुड़ रहा है। अब इस फिल्म ने एक और बड़ी कामयाबी अपने नाम पर दर्ज करा ली है। पठान ने रिलीज होने के चार दिनों के भीतर ही 400 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है।
जारी है पठान की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
प्रोडक्शन बैनर यशराज फिल्म्स (YRF) ने रविवार को कहा कि 'सुपरस्टार' शाहरुख खान की 'पठान' ने बॉक्स ऑफिस पर अपना रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन जारी रखा और चार दिनों में दुनिया भर में 429 करोड़ रुपये की कमाई की। YRF के मुताबिक पठान ने भारत में 53 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। इसके अलावा हिंदी और सभी डब्ड वर्जन को मिला कर अगर कमाई के कुल डोमेस्टिक आंकड़ों की बात करें तो पठान ने 64 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। बता दें कि पठान को तेलगू और तमिल में भी रिलीज किया गया है।
चौथे दिन भी 50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस
YRF ने एक प्रेस नोट में कहा है कि पठान ने अपने चौथे दिन एक और 100 करोड़ के आंकड़े को पार किया है। भारत में जहां फिल्म ने हिंदी में 53.25 करोड़ और सभी डब्ड वर्जन को मिला कर 64 करोड़ रुपये की कमाई की है तो वहीं ओवरसीज कलेक्शन की बात की जाय तो यह आंकड़ा 116 करोड़ का था। न्यूज 18 हिंदी की खबर के मुताबिक भारत में पठान ने चार दिनों के अंदर ही 200 करोड़ के कलेक्शन को पार कर लिया है।
पहले ही दिन पार कर लिया था 100 करोड़ का आंकड़ा
बता दें कि पठान ने अपने पहले ही दिन ओवरसीज कलेक्शन में 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया था। पठान ने पहले दिन 106 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। दूसरे दिन भी इस फिल्म ने 113 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं तीसरे दिन इस फिल्म ने 90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
बुधवार को रिलीज हुई थी पठान
बता दें कि पठान 25 जनवरी को बुधवार के दिन रिलीज हुई थी। इस फिल्म से शाहरुख खान चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। पठान में शाहरुख के अपोजिट दीपिका पादुकोण हैं वहीं इस फिल्म में जॉन अब्राहम ने विलेन की भूमिका निभाई है।