Mani Ratnam: बुखार के लक्षणों के बाद Ponniyin Selvan के डायरेक्टर मणि रत्नम को अस्पताल में करवाया गया भर्ती

सूत्रों के मुताबिक, मणि रत्नम को बुखार के लक्षणों के बाद मंगलवार सुबह अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जरूरी जांच की गई। सूत्रों ने बताया कि उनकी कोविड-19 जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और उन्हें अस्पताल से आज ही छुट्टी दी जा सकती है

अपडेटेड Jul 19, 2022 पर 4:03 PM
मणि रत्नम अपनी ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म पोन्नियिन सेल्वन (Ponniyin Selvan) के पोस्ट-प्रोडक्शन में जुटे हैं

जाने-माने फिल्म निर्देशक मणि रत्नम (Mani Ratnam) को बुखार के लक्षणों के बाद चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अस्पताल मैनेजमेंट की तरफ से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक, मणि रत्नम को बुखार के लक्षणों के बाद मंगलवार सुबह अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जरूरी जांच की गई। सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि उनकी कोविड-19 जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और उन्हें अस्पताल से आज ही छुट्टी दी जा सकती है।

बता दें कि मणि रत्नम अपनी ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म पोन्नियिन सेल्वन (Ponniyin Selvan) के पोस्ट-प्रोडक्शन में जुटे हैं, जो 30 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। कुछ दिनों से उनकी फिल्म पोन्नियिन सेल्वन को लेकर विवाद काफी गरमाया हुआ है।


ये भी पढें- Presidential Polls 2022: BJP सांसद सनी देओल सहित इन 8 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव में नहीं किया मतदान, जानिए वजह

इसकी वजह से मणि रत्नम कानूनी पचड़े में भी फंस गए हैं। उन पर चोल राजवंश को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया गया है। इस बीच अब वो अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद फैंस उनके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

पोन्नियिन सेल्वन को भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी बजट वाली फिल्मों में से एक कहा जा रहा है। फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपए है। यह पूरे देश में 30 सितंबर को लगभग 5 भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म को 'बाहुबली' के बाद भारत की सबसे बड़ी फिल्म कहा जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।