Porn Racket Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पिछले साल सामने आए कथित पॉर्न रैकेट के सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा (Raj Kundra) के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ED ने राज कुंद्रा के खिलाफ पोर्नोग्राफी फिल्मों के प्रोडक्शन और सर्कुलेशन के संबंध में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
दरअसल, कुंद्रा ने फरवरी 2019 में आर्म्स प्राइम मीडिया लिमिटेड (Arms Prime Media Limited) नाम से एक कंपनी बनाई। इसके बाद उन्होंने 'हॉटशॉट्स (Hotshots)' नाम से एक ऐप डेवलप किया। ED के सूत्रों ने कहा कि हॉटशॉट्स ऐप को बाद में यूके की एक कंपनी केनरिन को बेच दिया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, यूके स्थित कंपनी केनरिन के सीईओ प्रदीप बख्शी हैं, जो वास्तव में राज कुंद्रा के बहनोई यानी जीजा हैं। सूत्रों ने बताया कि हॉटशॉट्स ऐप के रखरखाव के लिए कुंद्रा की कंपनी वियान इंडस्ट्रीज ने केनरिन के साथ करार किया था। इसके लिए वियान के 13 बैंक अकाउंट में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया था।
सूत्रों ने आगे कहा कि हॉटशॉट्स ऐप वास्तव में पॉर्न फिल्मों का एक प्लेटफॉर्म था, जिसे भारत में बनाया गया था। इन पोर्न फिल्मों को हॉटशॉट्स ऐप पर अपलोड किया गया था। सब्सक्राइबर्स के जरिए कमाए गए पैसे का लेन-देन कुंद्रा की कंपनी वियान इंडस्ट्रीज के नाम से होता था।
पिछले साल किया गया था गिरफ्तार
राज कुंद्रा को 19 जुलाई, 2021 को 11 अन्य लोगों के साथ कथित रूप से अश्लील फिल्में बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 20 सितंबर को कुंद्रा को मुंबई की एक अदालत ने पोर्नोग्राफी मामले में 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी थी।
कुंद्रा के खिलाफ कथित रूप से अश्लील फिल्में बनाने और 'हॉटशॉट्स' नामक मोबाइल ऐप के जरिए उन्हें पब्लिश करने के आरोप लगाए गए थे। हालांकि, कुंद्रा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि उन्हें झूठा फंसाया गया है।