Prateik-Priya Wedding: अभिनेता प्रतीक बब्बर और प्रिया बनर्जी ने वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी 2025 को एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी समारोह में बहुत कम लोग ही शामिल हुए थे। कपल ने मुंबई के बांद्रा में प्रतीक की दिवंगत मां स्मिता पाटिल के घर पर एक छोटे समारोह में शादी की। कपल के शादी की तस्वीरें सामने आते ही इंडस्ट्री के कई लोगों ने इनको अपनी शुभकामनाएं दी। शेयर किए गए फोटो में प्रतीक की फैमिली की गैरमौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा।
प्रतीक और प्रिया की शादी में प्रतीक के पिता राज बब्बर और उनके सौतेले भाई-बहन आर्या और जूही बब्बर की गैरमौजूदगी को लेकर को लेकर प्रतीक की पत्नी प्रिया ने अपना रिएक्शन दिया है।
'शादी में परिवार का हर सदस्य शामिल हुआ था'
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में प्रिया ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा, "मुझे समझ नहीं आ रहा है कि परिवार की मौजूदगी को लेकर अफवाहें क्यों फैल रही है। हमारे परिवार के सभी महत्वपूर्ण सदस्य शादी में मौजूद थे। हमारे साथ शादी में मेरे पैरेंट्स, प्रतीक की मौसी जिन्होंने उसे पाला है और प्रतीक के नाना-नानी भी शामिल हुए थे। जो भी हमारे लिए खास हैं, वे सभी इस शादी में शामिल हुए थे। कोई भी परिवार का सदस्य शादी या समारोह से गायब नहीं था।"
शादी के बाद के एहसास को किया शेयर
प्रिया ने बताया कि शादी के बाद भी उन्हें कोई अलग एहसास नहीं हो रहा, क्योंकि वे पिछले पांच साल से साथ हैं। उन्होंने बताया, "हम बहुत समय से साथ रह रहे हैं, लगभग 5 साल से हम एक दूसरे के साथ रह रहे हैं। इसलिए शादी के बाद भी कुछ अलग नहीं लग रहा। ऐसा लगता है जैसे मैं प्रतीक को हमेशा से जानती हूँ।" वहीं, प्रतीक ने मजाक में कहा, "ऐसा लगता है जैसे मैं यह शादी हजारवीं बार कर रहा हूं। हर जन्म और हर ब्रह्मांड में मैं प्रिया से ही शादी करता हूं, और आगे भी ऐसा ही होगा।"