Prince Harry and Meghan Markle: न्यू यॉर्क सिटी में प्रिंस हैरी और मेघन मर्केल की मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को रॉयल कपल के पीछे पैपराजी की सेना पड़ गई। उनसे बचने के लिए प्रिंस हैरी और मेघन मर्केल न्यूयॉर्क सिटी की सड़कों पर लगभग 2 घंटों तक चूहे और बिल्ली का खेल खेलते रहे। पैपराजी प्रिंस हैरी और मेघन की गाड़ी का लगातार पीछा कर रही थी। एक भारतीय मूल के कैब ड्राइवर ने उन्हें पैपराजी के इस चक्रव्यूह से बाहर निकाला। सुखचरण सिंह ने कपल को लोकल पुलिस परिसर मिडटाउन मैनहैटन से पिक किया था। उस वक्त दो गाड़ियां उनका पीछा कर रही थीं। 10 मिनट तक कपल सुखचरण की गाड़ी में बैठा रहा।
प्रिंस हैरी, मेघन मर्केल और उनकी मां डोरिया रैगलैंड का पीछा कुछ दर्जन भर कारें कर रही थीं। इन सभी गाड़ियों के शीशे काले थे। ये गाड़ियां लगातार तीनों के पीछे लगी हुई थीं। रॉयल कपल के स्पोकपर्सन के मुताबिक दो घंटे तक तीनों पैपराजी से भागते रहे। सुखचरण सिंह ने पूरा वाक्या बताया, कहते हैं कि मुझे सिर्फ इतना याद है कि मैं 67 स्ट्रीट पर था। अगले ही पल मेरी गाड़ी में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी थीं। अचानक से एक कूड़े के ट्रक ने हमारा रास्ता रोक लिया। तभी ना जाने कहां से पैपराजी आ गई और फोटो खींचना शुरू कर दिया। इससे पहले रॉयल कपल ड्राइवर के साथ अपनी डेस्टिनेशन शेयर करते। तभी एक सिक्योरिटी गार्ड ने उनसे वापिस पुलिस स्टेशन चलने के लिए कहा।
बेहद डरे हुए थे प्रिंस हैरी और मेघन
सुखचरण सिंह ने बताया कि दोनों काफी डरे हुए लग रहे थे। उन्हें देख के लग रहा था कि शायद पैपराजी उनका काफी लंबे समय से पीछा कर रही थी। मुझे लगता है कि मेरी गाड़ी में आने से पहले उनके साथ ये सब हो रहा था। बाकि न्यू यॉर्क सिटी बहुत ही सेफ जगह है। यहां हर कोने में पुलिस स्टेशन और पुलिस मौजूद रहती है। आपको यहां घबराने की कोई जरूरत नहीं है। मेघन और हैरी के स्पोकपर्सन ने घटना की कुछ तस्वीरें भी साझा की।
ये सारी घटना तब हुई जब प्रिंस हैरी और मेघन मर्केल Women of Vision Awards अटेंड करने के लिए गए हुए थे। इस दौरान मेघन की मां डोरिया रैगलैंड भी वहां मौजूद थी। दरअसल प्रिंस हैरी की मां प्रिंसेस डायना की मौत 1997 में पेरिस में एक कार एक्सीडेंट में हुई थी। उस वक्त पैपराजी ही उनकी कार का पीछा कर रही थी।