Rashmika Mandanna: अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘पुष्पा 2’ बॉक्स ऑफिस कमाई के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रिलीज होने के बाद से ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिछली सभी हिट फिल्मों के रिकॉर्ड को तोड़ रही है। 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई पुष्पा 2 इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म की रिलीज के बाद से ही यह किसी ना किसी विवादों में बनी है, जिसमें फिल्म का एक गाना ‘पीलिंग्स’ भी शामिल है। हाल में पुष्पा 2 की एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने इस गाने के डांस मूव्स पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
गाने के डांस मूव्स से असहज थी रश्मिका
रश्मिका मंदाना ने गलाटा प्लस को दिए इटरव्यू में बताया कि, "शुरुआत में वह ‘पीलिंग्स’ के डांस मूव्स से काफी असहज थी। फिल्म की रिलीज से कुछ दिन पहले पीलिंग्स की शूटिंग की गई थी। हमने उस गाने की शूटिंग पांच दिनों में पूरी कर ली।" एक्ट्रेस ने आगे कहा कि जब मैंने रिहर्सल वीडियो देखा तो मैं सोच रही थी, ये क्या चल रहा है? गाने का वीडियो देख कर मुझे ऐसा लगा कि मैं ज्यादातर समय अल्लू अर्जुन सर की गोद में डांस कर रही थी। उन्होंने कहा कि इस गाने को करने के लिए खुद को मनाना मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने इसे एक चुनौती के रूप में लेने और इसे आजमाने का फैसला किया।
रश्मिका ने आगे कहा, "मैं एक ऐसी इंसान हूं जिसको उठाए जाने से काफी डर लगता है और इस गाने में मुझे केवल उठाया ही जा रहा था। मेरे मन में यह बात थी कि 'मैं यह कैसे करने जा रही हूं?'। लेकिन, मुझे हाल ही में यह एहसास हुआ कि अगर मैं अपना मन बना लेती हूं, तो फिर मैं पूरी तरह से खुद को निर्देशक और सह-अभिनेता के सामने समर्पित हो जाती हूं। फिर मैंने सोचा कि चलो इसे करते हैं। अगर फिल्म को इसकी जरूरत है, तो चलो करते हैं। एक बार जब आप उस आदमी पर भरोसा कर लेते हैं, तो यह मजेदार हो जाता है।"
पुष्पा स्टार से गाने और उनकी कोरियोग्राफी पर बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने एक बार ही खुद पर डाउन नहीं करने दिया क्योंकि अगर उन्हें खुद पर संदेह होता तो एक्ट्रेस बनना मुश्किल होता। फिल्म की कमाई की बात करें तो फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।