Raju Srivastava Health Updates: कॉमेडियन-अभिनेता राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) की हालत बिगड़ती दिख रही है। 10 अगस्त को उन्हें दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने के बाद दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें IUC में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।
ऑनलाइन मीडिया के मुताबिक, श्रीवास्तव के मुख्य सलाहकार अजीत सक्सेना ने गुरुवार को बताया कि कॉमेडियन का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा है कि उनकी हालत खराब हो गई है और वह लगभग ब्रेन डेड स्थिति में हैं।
सक्सेना ने कहा, “आज सुबह, डॉक्टरों ने बताया है कि राजू का दिमाग काम नहीं कर रहा है। लगभग मृत अवस्था में हैं। दिल को भी परेशानी हो रही है। हम सभी चिंतित हैं और सभी प्रार्थना कर रहे हैं। उनका परिवार भी समझ नहीं पा रहा है कि क्या हो रहा है।" उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम अब किसी चमत्कार के लिए प्रार्थना कर रही है।
58 साल के स्टैंड-अप कॉमिक की 10 अगस्त को एंजियोप्लास्टी हुई थी। जिस दिन उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था और 14 अगस्त को उनके परिवार ने एक बयान जारी किया था।
इसमें कहा गया था, "राजू श्रीवास्तव जी की हालत स्थिर है। हम उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। सभी शुभचिंतकों को निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।"
इसके साथ ही परिवार ने लोगों से "किसी भी अफवाह / फेक न्यूज न फैलाने और उस पर ध्यान न देने" का भी अनुरोध किया था।
1980 के दशक से मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे श्रीवास्तव को 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज के पहले सीजन में भाग लेने के बाद पहचान मिली थी।
उन्होंने मैंने प्यार किया, बाजीगर, बॉम्बे टू गोवा (रीमेक) और आमदानी अठानी खरचा रुपैया जैसी हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है। वह बिग बॉस सीजन तीन के प्रतियोगियों में से एक थे।