संसदीय समिति की बैठक में रणवीर इलाहाबादिया विवाद की गूंज! सख्त कार्रवाई की मांग, कानून में संशोधन की तैयारी

Ranveer Allahbadia Controversy: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया की हाल ही में एक यूट्यूब शो पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के मद्देनजर संसदीय समिति ने सूचना एवं प्रसारण (आईबी) मंत्रालय को पत्र लिखकर मीडिया से संबंधित कानूनों में प्रस्तावित संशोधनों के बारे में संक्षिप्त सुझाव मांगा है। सूत्रों से हवाले से यह खबर सामने आई है

अपडेटेड Feb 13, 2025 पर 10:11 PM
Ranveer Allahbadia Controversy: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया और कॉमेडियन समय रैना विवादों में फंस गए हैं

Ranveer Allahbadia Controversy: संसद की एक समिति के कई सदस्यों ने कॉमेडियन समय रैना के यूट्यूब शो में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया की अश्लील टिप्पणियों का मुद्दा उठाते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और ठोस कदम उठाने की मांग की। समिति की बैठक के बाद बीजू जनता दल (BJD) के सस्मित पात्रा ने कहा कि कई सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत बताई कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली समिति इस मुद्दे पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिख सकती है। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि बीजेपी के अनिल बलूनी, वी डी शर्मा, लहर सिंह सिरोया और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने यह मुद्दा उठाया।

कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने एक ऐसी टिप्पणी कर कर दी थी जिसकी बड़े पैमाने पर आलोचना हो रही है। यूजर्स द्वारा उसे बेहद अश्लील तथा आपत्तिजनक बताया जा रहा है।


रणवीर ने इस शो में एक प्रतिभागी से माता-पिता के निजी संबंधों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। 'बीयरबाइसेप्'’ के नाम से मशहूर इलाहाबादिया ने इस चूक के लिए माफी मांगी है, लेकिन यह मुद्दा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।

कल पुलिस के सामने होना होगा पेश

रणवीर इलाहाबादिया को एक यूट्यूब शो में विवादास्पद टिप्पणी से संबंधित मामले की जांच के सिलसिले में पेश नहीं होने के बाद शुक्रवार 14 फरवरी को मुंबई के खार थाने में पेश होने के लिए कहा गया है। महाराष्ट्र साइबरसेल और मुंबई पुलिस ने कॉमेडियन समय रैना को भी अगले पांच दिन में पेश होने के लिए कहा है। एक अधिकारी ने बताया कि इलाहाबादिया को गुरुवार को खार थाने में पेश होना था लेकिन वह नहीं आया। उसने पुलिस से कहा कि उसे मीडिया का डर है। अधिकारी ने बताया कि उसे यह स्पष्ट कर दिया गया कि वह पूछताछ से बच नहीं सकता और उसे शुक्रवार को आना होगा।

साइबर सेल और मुंबई पुलिस यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में इलाहाबादिया की अभद्र टिप्पणी के संबंध में अलग-अलग जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि रैना अमेरिका में हैं। उसने जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए और समय मांगा है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने रैना को 17 फरवरी से पहले बयान दर्ज करने के लिए कहा है। जबकि साइबर सेल ने उसे 18 फरवरी को तलब किया है।

ये भी पढ़ें- 'पिछले सप्ताह हमने देखा...': रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना विवाद पर एआर रहमान का तंज

इलाहाबादिया और कुछ अन्य के खिलाफ गुवाहाटी में दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में मुंबई में मौजूद असम पुलिस की एक टीम ने गुरुवार को महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों से मुलाकात की। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक पदाधिकारी की शिकायत पर रियलिटी शो पर इलाहाबादिया की टिप्पणियों के संबंध में अब तक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अपूर्व मखीजा समेत सात लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।