बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) के खिलाफ इंस्टाग्राम अकाउंट पर न्यूड तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर मुंबई के चेंबूर थाने में मामला दर्ज किया गया है। रणवीर पर न्यूड फोटोशूट के जरिए महिलाओं की भावनाएं आहत करने और उनकी गरिमा को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। अभिनेता पर इंडियन पीनल कोड (IPC) की धारा 292, 293, 509 और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) एक्ट की धारा 67(A) के तहत केस दर्ज किया गया है।
चेंबूर पुलिस ने रणवीर सिंह के खिलाफ मैगजीन के साथ न्यूड फोटोशूट के बाद महिलाओं के साथ अश्लीलता और शील भंग करने का आरोप लगाते हुए एक FIR दर्ज की है। एक अधिकारी ने बताया कि चेंबूर पुलिस को सोमवार को एक एप्लीकेशन देकर रणवीर सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर न्यूज तस्वीरों के जरिए महिलाओं की भावनाएं आहत करने के आरोप में केस दर्ज करने की मांग की गई थी।
मुंबई के उपनगर स्थित एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) के पदाधिकारी ने शिकायत एप्लीकेशन चेंबूर थाने में दिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कहा है कि अभिनेता ने अपनी तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई और उनकी गरिमा का अपमान किया है। इतना ही नहीं, लोग रणवीर सिंह की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहे हैं।
मुंबई की वकील वेदिका चौबे ने चेंबूर पुलिस स्टेशन में लिखित एप्लीकेशन दिया था। चौबे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अभिनेता ने आम तौर पर महिलाओं की भावनाओं को आहत किया है और अपनी तस्वीरों के माध्यम से उनकी गरिमा का अपमान किया है।
आपको बता दें कि रणवीर सिंह इन दिनों अपने बोल्ड फोटोशूट की वजह से चर्चा में बने हुए हैं। अभिनेता ने हाल ही में एक मैगजीन के लिए बिना कपड़े पहने फोटोशूट करवाया था। 22 जुलाई को रणवीर की सोशल मीडिया पर कुछ न्यूड तस्वीरें सामने आई थीं।
ये तस्वीरें द पेपर मैगजीन के लिए किए गए फोटोशूट का हिस्सा है। उनकी इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। रणवीर को यूजर्स खूब ट्रोल कर रहे हैं। कई लोग इसे अश्लील भी बता रहे हैं। हालांकि, कुछ बॉलीवुड हस्तियों ने अभिनेता का समर्थन भी किया है।