Ranya Rao Gold Smuggling Case: कन्नड़ एक्ट्रेस और सीनियर आईपीएस अधिकारी की बेटी रान्या राव की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ है कि वह सोने की तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थी। वह दुबई से बेंगलुरू तक सामान की तस्करी के लिए भारी कमीशन लेती थी। जांच में पता चला है कि रान्या राव सरगनाओं के इशारे पर सोने की तस्करी कर रही थी। पता चला है कि उन्होंने डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) को दिए अपने बयान में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। CNN-News18 को पता चला है कि डीआरआई को दिए अपने पहले बयान में रान्या राव ने स्वीकार किया कि उसके पास से सोने के 17 टुकड़े बरामद किए गए थे।
राव ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि उन्होंने न केवल दुबई बल्कि यूरोप, अमेरिका और मध्य पूर्व की भी यात्रा की थी। हालांकि, उन्होंने कोई और डिटेल्स शेयर करने से इनकार कर दिया। कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के DGP रामचंद्र राव की सौतेली बेटी राव दुबई की लगातार यात्रा करने के कारण अधिकारियों की नजर में थी। कथित तौर पर वह पिछले साल भर में 30 बार दुबई गई और कई बार दुबई से सोना लेकर आई।
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रान्या राव के पास से 14.2 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त की गई, जिनका अनुमानित कीमत 12.56 करोड़ रुपये है। इसके बाद एक्ट्रेस के आवास की तलाशी में 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए। दुबई से एमिरेट्स की फ्लाइट से आने के बाद एक्ट्रेस को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। डीआरआई के अधिकारी उसकी दुबई की लगातार यात्राओं के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि रान्या राव ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच में सहयोग नहीं किया। उन्होंने अधिकारियों को धमकाते हुए कहा कि वह डीजीपी की बेटी है। अधिकारियों को उस पर शक हुआ और उनकी हरकतों पर नजर रखने के लिए डीआरआई को सक्रिय किया गया। इस बीच, कथित तौर पर उन्हें एयरपोर्ट से बाहर ले जाने वाले पुलिसकर्मी भी जांच के दायरे में आ गए हैं। डीआरआई के अधिकारियों ने सोमवार रात बेंगलुरू इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस से 14.8 किलोग्राम सोना जब्त करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के महानिदेशक (डीजीपी) रामचंद्र राव ने गुरुवार को अपनी सौतेली बेटी की सोने की तस्करी में कथित संलिप्तता के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया। उन्होंने इसे अकल्पनीय बताया। रामचंद्र राव ने एक बयान में कहा, "यह अत्यंत दुखद है कि आजीवन समर्पण के बावजूद, मेरी प्रतिष्ठा और परिवार का भविष्य किसी चीज़ से धूमिल हो रहा है जो अब हमारे नियंत्रण से परे है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि रान्या ने यदि किसी कानून का उल्लंघन किया है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।