दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में से एक ऑस्कर अवॉर्ड्स (Oscar Awards) 13 मार्च को वितरित किए जाएंगे। ऑस्कर को पूरी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में से एक माना जाता है। ऑस्कर अवॉर्ड्स के इस समारोह के दौरान बेस्ट पिक्चर, बेस्ट एक्ट्रेस (अभिनेत्री), ओरिजनल स्क्रीनप्ले, सिनेमैटोग्राफी, प्रोडक्शन डिजाइन, कॉस्ट्यूम डिजाइन और मेकअप एंड हेयरस्टाइल समेत 24 कटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे। पूरी दुनिया के फिल्मी दीवाने बड़ी बेसब्री से इस समारोह की आस लगाए बैठे हैं ऐसे में आइये जानते हैं कि ये पुरस्कार कब, कहां और किस समय पर वितरित किए जाएंगे।
कहां होगा ऑस्कर समारोह का आयोजन
ऑस्कर अवॉर्ड्स (Oscar Awards) को यूएस एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) की तरफ से वितरित किया जाता है। भारतीय समयअनुसार ऑस्कर अवॉर्ड्स समारोह 13 मार्च सबह 5.30 बजे से शुरू होगा। ऑस्कर समारोह का आयोजन डॉल्बी थियेटर में किया जाएगा जो कि लॉस एंजिल्स के हॉलिवुड क्वार्टर में स्थित है। इस समारोह का संचालन अवॉर्ड विनिंग प्रोड्यूसर रिकी किरशनेर और ग्लेन वीस द्वारा किया जा रहा है। मशहूर टीवी सेलिब्रिटी जिमी किमेल तीसरी बार इस समारोह की मेजबानी करते हुए दिखाई देंगे।
कहां देख पाएंगे ऑस्कर समारोह
अमेरिकन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी (ABC) अमेरिका में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करेगी। भारत में दर्शकों के लिए डिज्नी प्लस हॉटस्टार इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा। लाइव स्ट्रीम 13 मार्च को सुबह 5:30 बजे शुरू होगी। इसके अलावा ऑस्कर समारोह के प्रसारण को सब्सक्रिप्शन के साथ YouTube, HULu Live Tv, Direct TV, FUBO TV और AT&T TV पर भी लाइव देखा जा सकता है।
ऑस्कर 2023 के लिए नॉमिनेशंस
24 जनवरी 2023 को ब्रिटिश अभिनेता रिज अहमद और अमेरिकी अभिनेत्री एलिसन विलियम्स ने 95वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेशंस का ऐलान किया था। इस बार भारत से सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल RRR के गाने 'Naatu Naatu' को बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग के लिए नॉमिनेट किया गया है। बता दें कि RRR के गाने 'Naatu Naatu' को इस साल का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड भी मिल चुका है।