पिछले साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक RRR का इस साल भी बॉक्स ऑफिस पर धमाका जारी है। दरअसल भारत के बाद इस फिल्म को अलग अलग देशों में रिलीज किया जा रहा है। जहां पर ऑडियंस इस फिल्म को काफी पसंद भी कर रही है। पिछले हफ्ते 9 जनवरी को RRR को लॉस एंजलिस के चाइनीज IMAX थियेटरों में रिलीज किया गया था। जहां पर इस केवल 98 सेकेंड के अंदर ही इस फिल्म के सभी टिकट बिक गए जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड भी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 'नाटू-नाटू' के डांस क्लिप
लॉस एंजलिस के थियेटर्स में ऑडियंस RRR के सबसे हिट गाने 'नाटु-नाटु' पर खूब जम कर थिरकते हुए दिखाई दी। थियेटर्स में किए गए दर्शकों के डांस का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। अलग अलग ट्विटर हैंडल्स से ये वीडियो खूब शेयर भी किए जा रहे हैं। बता दें कि पिछले साल यानी 2022 में आई RRR सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल थी। इस फिल्म को बाहुबली (Bahubali) फेम डायरेक्टर राजामौली ने डायरेक्ट किया था। साथ ही इसमें साउथ सिनेमा के दो बड़े सुपरस्टार रामचरण तेजा और जूनियर एनटीआर ने लीड रोल किया था। फिल्म में अजय देवगन और आलिया भट्ट भी इंपॉर्टेंट रोल में दिखाई दिए थे।
'नाटु- नाटु' को मिला गोल्डन ग्लोब अवार्ड
एसएस राजामौली की फिल्म RRR को ग्लोबल लेवल पर अथाह प्यार मिल रहा है। हर तरफ RRR के काम की तारीफ हो रही है। देशभर में तहलका मचाने के बाद अब फिल्म को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड (Golden Globe Award 2023) भी मिल गया है। फिल्म RRR के सुपरहिट गाने 'नाटु-नाटु' को सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड दिया गया है। संगीतकार एमएम केरावनी, गायक काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज द्वारा बनाए गए इस कमाल के गाने को 80वें गोल्डन ग्लोब का सर्वश्रेष्ठ गाना घोषित किया गया है। पूरी टीम ऐसे में बेहद खुश है।
रामचरण ने भी शेयर किया वीडियो
रामचरण और जूनियर एनटीआर ने इससे पहले लॉस एंजलिस में हुई फिल्म की स्क्रीनिंग का एक वीडियो शेयर किया था। फिल्म से जुड़ा ये वीडियो इंटरनेट पर बहुत वायरल हो रहा है। इस वीडियो में थिएटर के बीच 'नाटु-नाटु' गाना चल रहा है और ऑडिएंस थिएटर में ही नाचने लगती है।