बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सुबह बांद्रा स्थित उनके घर में हमला हुआ। इस हमले में सैफ बुरी तरह से घायल हो गए। जिसके बाद उनको लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। फिलहाल एक्टर अब खतरे से बाहर है। एक्टर पर हुए इस हमले की खबर सुन हर कोई हैरान है। हर कोई उनकी सलामती की दुआ कर रहा है। एक्टर पर हुए इस हमले के बाद मुंबई के पॉश इलाकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
वहीं करीना और सैफ की पड़ोसी करिश्मा तन्ना ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बेहद हैरान करने वाली है। सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद उनकी पड़ोसी और एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' से बातचीत में करिश्मा ने कहा, "अभी बाहर का नजारा बहुत अजीब है। पुलिस और मीडिया हर जगह मौजूद हैं। यह घटना बांद्रा की कई अलग-अलग बिल्डिंग के लिए एक चेतावनी की तरह है।"
पिछले एक साल से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
करिश्मा तन्ना ने हाउसिंग सोसाइटियों में सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, "मैं पिछले एक साल से अपनी सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की बात कह रही हूं। वॉचमैन को सही ट्रेनिंग दी जानी चाहिए, क्योंकि वे ऐसी आपात स्थितियों को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं हैं। अगर कोई चोर घर में घुस जाए, तो परिवार कैसे अपनी सुरक्षा करेगा? यह वाकई डराने वाला है।"
अभिनेत्री ने मुंबई जैसे व्यस्त शहर में सुरक्षा सतर्कता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि लोग इस घटना से सबक लेंगे। कोई भी परिवार ऐसी स्थिति का सामना करने का हकदार नहीं है। मुझे यकीन है कि अब मेरी बिल्डिंग में सुरक्षा मजबूत की जाएगी और अधिक गार्ड तैनात किए जाएंगे।" बता दें करिश्मा तन्ना एक्टर सैफ और करीना कपूर के पड़ोस वाली बिल्डिंग में रहती हैं।
मुंबई पुलिस ने संदिग्ध को पकड़ने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। इसके लिए कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस को एक CCTV भी मिला है, जिसमें हमलावर का चेहरा दिखाई दे रहा है। पुलिस उसको गिरफ्तार करने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं इस मामले पुलिस को शक है कि हमलावर ने सैफ के घर में घुसने के लिए किसी घरेलू स्टाफ की मदद ली होगी। फिलहाल उनके स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। शुरुआत में इस घटना को चोरी की कोशिश बताया गया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक हमले का मकसद स्पष्ट नहीं किया है।