Saif Knife Attack: सैफ अली खान पर हमले से Jr. NTR और चिरंजीवी हैरान, पूजा भट्ट बोलीं- मुंबई में कभी इतना असुरक्षित महसूस नहीं किया

Saif Ali Khan Stabbing Case: 15 जनवरी को देर रात अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि 54 वर्षीय खान को इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना उनके बांद्रा स्थित घर पर रात करीब ढाई बजे घटी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है

अपडेटेड Jan 16, 2025 पर 1:48 PM
Story continues below Advertisement
Saif Ali Khan Stabbing Case: मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी सैफ अली खान के बांद्रा स्थित आवास पर जांच करने पहुंचे हैं

Saif Ali Khan Stabbing Case: मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले की घटना से अभिनेता जूनियर एनटीआर और चिरंजीवी हैरान हैं। वहीं, एक्ट्रेस पूजा भट्ट समेत कई अन्य हस्तियों ने मुंबई में अराजकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने पहले कभी इतना असुरक्षित महसूस नहीं किया। सैफ के बांद्रा स्थित घर में बुधवार (15 जनवरी) देर रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस जानलेवा हममें वह घायल हो गए। उन्हें सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सैफ को अभी ICU में रखा गया है।

हाल ही में तेलुगू फिल्म 'देवरा' में सैफ के साथ काम कर चुके जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "सैफ सर पर हमले के बारे में सुनकर हैरान और दुखी हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना करता हूं।" वहीं सुपरस्टार चिरंजीवी ने लिखा, "सैफ अली खान पर एक हमलावर द्वारा हमले की खबर से बहुत व्यथित हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना करता हूं।"

सैफ के साथ 'एजेंट विनोद' और 'बुलेट राजा' जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद रवि किशन ने कहा कि यह घटना दुखद है। किशन ने पीटीआई से कहा, "वह मेरे मित्र और सह-अभिनेता हैं...सरकार और पुलिस प्रशासन दोषियों को पकड़ने के लिए काम कर रहा है। अपराधी जल्द ही पकड़ा जाएगा। मुंबई पुलिस की अच्छी प्रतिष्ठा है। उसे कड़ी सजा दी जाएगी। अभिनेताओं की सुरक्षा को महत्व दिया जाना चाहिए।"


इस बीच, पूजा भट्ट ने एक पोस्ट में मुंबई पुलिस को टैग किया और शहर में 'अराजकता' पर सवाल उठाया। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, "क्या इस अराजकता पर अंकुश लगाया जा सकता है? हमें बांद्रा में अधिक संख्या में पुलिस की मौजूदगी की आवश्यकता है। शहर और विशेष रूप से उपनगरों की रानी बांद्रा ​​ने पहले कभी इतना असुरक्षित महसूस नहीं किया।" सैफ की टीम ने बयान में कहा कि उनके आवास पर चोरी का प्रयास किया गया था।

टीम ने कहा, "वह फिलहाल अस्पताल में हैं और उनकी सर्जरी की जा रही है। हम मीडिया और प्रशंसकों से धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं। यह पुलिस का मामला है और हम आपको स्थिति से अवगत कराते रहेंगे।" लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तमानी ने एक बयान में कहा कि खान पर उनके बांद्रा स्थित घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया और उन्हें तड़के साढ़े तीन बजे अस्पताल लाया गया।

ये भी पढ़ें- Saif Ali Khan Attacked: सैफ अली खान पर हमले के वक्त करीना कपूर घर में मौजूद थीं? लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती हैं एक्टर

डॉ. उत्तमानी ने कहा, "सैफ पर चाकू से छह वार किए गए। उनके दो घाव गहरे हैं जिनमें से एक उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है। न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. निशा गांधी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम उनका ऑपरेशन कर रही है।" डॉ. उत्तमानी ने बताया, "सर्जरी अभी जारी है। उन्हें छह चोट आई हैं, जिनमें से दो मामूली और दो गहरी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।