बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान इस समय मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उन पर चाकू से हमला किया गया था। यह हमला बुधवार देर रात को हुआ। आपातकालीन सर्जरी के बाद डॉक्टरों का कहना है कि सैफ की हालत अब स्थिर है। व वह खतरे से बाहर हैं, लेकिन उन्हें अभी भी निगरानी में रखा गया है। इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी हेल्थ इंश्योरेंस डिटेल लीक हो गई है। जिसमें ये जानकारी है कि उन्होंने अपने इलाज के लिए कितने रुपये भुगतान किए हैं। इसमें 16 जनवरी 2025 को उनका कैशलेस इलाज मंजूर किया गया था।
वो 16 जनवरी से भर्ती हैं। कहा जा रहा है कि 21 जनवरी को उनकी अस्पताल से छुट्टी हो सकती है। उनके इलाज में अब तक 3,598,700 रुपये खर्च हुए हैं। जिसमें से 2,500,000 रुपये इंश्योरेंस कंपनी ने मंजूरी दे दी है। सैफ अली खान ने निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस ले रखा है। इसके अलावा दस्तावेज में उनकी सदस्य आईडी, निदान, कमरे की श्रेणी और अस्पताल से डिस्चार्ज होने की तारीख (21 जनवरी) जैसी गोपनीय जानकारी दर्ज है।
21 जनवरी को अस्पताल से मिलेगी छुट्टी
सैफ अली खान के इस लीक हुए डॉक्यूमेंट के मुताबिक, उन्हें लीलावती अस्पताल से 21 जनवरी यानी मंगलवार के दिन छुट्टी मिलेगी। वहीं, निवा बूपा ने एक्टर के साथ हुई घटना पर चिंता जताई है। कंपनी ने कहा कि हम उनके जल्द ही ठीक होने की कामना करते हैं। कंपनी ने ये भी कहा है कि सैफ उनके पॉलिसीहोल्डर्स में से एक हैं। उनके अस्पताल में भर्ती होने से पहले हमें एक कैशलेश प्री-ऑथराइजेशन रिक्वेस्ट भेजी गई थी। हमने ट्रीटमेंट शुरू करने के लिए शुरुआती अमाउंट को मंजूरी दी थी। ट्रीटमेंट के बाद जब हमें फाइनल बिल मिलेगा, तब हम नियम और शर्तों के हिसाब से सेटल करेंगे। वहीं लीलावती अस्पताल के डॉ. नितिन नारायण डांगे कहा कि कि सैफ अली खान की हालत बहुत अच्छी है। वो अब चल फिर सकते हैं। कोई समस्या नहीं है और ज्यादा दर्द भी नहीं है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
डॉक्टरों ने ये भी बताया था कि वे खून से लथ-पथ अपने बेटे तैमूर के साथ अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसका नाम वारिस बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि सैफ अली खान के घर जाने से पहले वो शाहरुख खान के घर की रेकी कर चुका था। ऐसे में अब सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच नई बहस छिड़ गई है।