Saira Banu Post: दिलीप कुमार के साथ शाहरुख खान का रिश्ता बेहद खास है। दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार और उनकी पत्नी सायरा बानो के वे बेहद करीब हैं। हाल ही में अपनी इंस्टा पोस्ट में सायरा बानो ने शाहरुख खान की जमकर तारीफ की बताया कैसे किंग खान उनके पति के प्रति प्यार और आभार जाहिर करने का एक मौका नहीं छोड़ते थे। जब दिलीप कुमार की सेहत दुरुस्त नहीं थी तो शाहरुख खान सायरा बानो को इमोशनल स्पोर्ट देने जा पहुंचे थे।
शाहरुख खान ने हमेशा दिया साथ
सायरा बानो ने ये भी बताया कि जिंदगी के सबसे मुश्किल वक्त में शाहरुख खान मदद पहुंचाने वालों में से सबसे पहले नंबर पर होते। दिलीप कुमार को हिंदुस्तान का कोहिनूर कहने वाली सायरा बताती हैं कि दोनों के बीच की सहजता और प्यार देखते ही बनता था। सबसे खास बात ये है कि एक पर्सनल रस्म है जो दोनों आज भी पूरी करते हैं। जब भी शाहरुख खान सायरा बानो से मिलते तो वो उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके पांव जरूर छूते। सायरा भी उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें दुआ देती और बतातीं कि कैसे उनके बाल हुबहू दिलीप कुमार के बालों की तरह हैं। एक बार सायरा बानो इस रस्म को पूरा करना भूल गईं तो शाहरुख खान ने अपना सिर झुकाकर उन्हें तुरंत रस्म पूरा करने की बात याद दिलाई।
बालों पर हाथ फेरना है एक रस्म
सायरा बानो कहती हैं कि एक मौके पर मैं उनके बालों में हाथ फेरना भूल गई तो तपाक से कहते हैं कि आज आपने मेरे बालों पर हाथ नहीं फेरा। जिसके बाद बिना किसी हिचक के सायरा ने तुरंत अपनी उंगलियां उनके बालों में फेर दीं। शाहरुख खान का दिलीप कुमार के प्रति प्यार तब सामने आया जब एक्टर ने मुगल ए आजम के एक पोस्टर पर दिलीप कुमार के साइन लिए थे। ये खास साइन किया हुआ पोस्टर आज भी शाहरुख खान के प्राइवेट थिएटर में रखा हुआ है। सायरा बानो ने बताया कि कैसे एक कंपनी इवेंट के लिए वो शाहरुख खान का इंटरव्यू चाहती थीं। अपने बिजी शेड्यूल के बावजूद वो एक घंटे के भीतर उनके दरवाजे पर जा पहुंचे थे।
सायरा बानो को आज भी शाहरुख खान के साथ उनकी पहली मुलाकात याद है। कहती हैं कि सितारों की एक महफिल में उन्होंने शाहरुख खान को पहली बार देखा था। उन्होंने नोटिस किया कि एक्टर बेहद ही शर्मीले हैं साथ ही उन्होंने पाया कि वो उनके पति से काफी ज्यादा मिलते-जुलते हैं। मन ही मन सोचती हैं कि अगर उनका भी कोई बेटा हुआ होता तो वो बिलकुल शाहरुख की तरह ही होता।