Salman Khan Firing Case: टॉयलेट में चादर से लगाई फांसी, सलमान खान के घर पर फायरिंग के आरोपी अनुज ने की आत्महत्या

Salman Khan House Firing Case: मुंबई पुलिस ने बताया कि एक्टर सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले में पंजाब से गिरफ्तार किए गए दो हथियार सप्लायरों में से एक अनुज थापन ने आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उस मृत घोषित कर दिया

अपडेटेड May 01, 2024 पर 5:05 PM
सलमान खान के घर पर गोली चलाने वाले एक आरोपी ने की आत्महत्या

सलमान खान के घर पर गोलीबारी के मामले में एक बहुत बड़ी जानकारी सामने आई है। एक्टर के घर पर गोली चलाने वाले एक आरोपी अनुज थापन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली है। पहले पुलिस सूत्रों ने बताया कि फायरिंग के सिलसिले में पंजाब से गिरफ्तार किए गए दो हथियार सप्लायरों में से एक ने आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, इसके कुछ देर बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी की मौत की पुष्टि कर दी।

आरोपी ने हवालात के टॉयलेट में बेडशीट से फांसी लगा ली। इसके बाद उसे सरकारी जीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी


मुंबई पुलिस ने बताया कि 32 के अनुज थापन (Anuj Thapan) को 26 अप्रैल को पंजाब से गिरफ्तार किया गया था। उसने जेल के अंदर आत्महत्या करने की कोशिश की। अनुज की हालत गंभीर थी और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अनुज थापन के आत्महत्या करने के कारणों जांच करेगी और पता लगाएगी कि उसने ये कदम क्यों उठाया।

अनुज और अन्य आरोपी सोनू सुभाष चंदर ने कथित तौर पर उन हथियारों की सप्लाई की थी, जिनका इस्तेमाल मुंबई के बांद्रा में सलमान खान (Salman Khan) के घर के बाहर गोलीबारी (Firing) में किया गया था।

कब हुई थी सलमान खान के घर पर फायरिंग?

14 अप्रैल की तड़के सलमान खान के घर पर कथित तौर पर फायरिंग करने वाले दो मुख्य आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल पुलिस की हिरासत में हैं।

दोनों को ट्रेन से मुंबई भागने के बाद भुज से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान पता चला कि उन्होंने भुज जाने के रास्ते में रेलवे पुल से तापी नदी में बंदूक फेंक दी थी। पहचाने जाने से बचने के लिए दोनों ने कई कपड़े भी बदले थे। दोनों 8 मई तक हिरासत में हैं।

लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने एक्टर के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी और एक सोशल मीडिया पोस्ट में उसने इसे 'सिर्फ ट्रेलर' बताया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।