सलमान खान के घर पर फायरिंग से गोल्डी बराड़ का था कनेक्शन? अमेरिका में दिन दिहाड़े गोलियों से भून दिया गया गैंगस्टर!

Salman Khan Firing Case: अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर हम इन दो मामलों को एक साथ जोड़ने की कीशिश क्यों कर रहे हैं? लेकिन सच्चाई ये है कि दोनों ही मामलों के तार एक दूसरे जुड़े हों या न हों, लेकिन इसके किरदार कहीं न कहीं जुड़े हैं और वो किरदार हैं- सलमान खान और गैंगस्टर गोल्डी बराड़

अपडेटेड May 01, 2024 पर 8:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सलमान खान के घर पर फायरिंग से गोल्डी बराड़ का था कनेक्शन?

गोल्डी बराड़... ये नाम सुनते ही आपके दिमाग में जो एक शब्द आएगा वो है- गैंगस्टर, यानि किसी आपराधिक गैंग या गिरोह का कोई सदस्य। गोल्डी बराड़ मंगलवार को दिनभर चर्चाओं में रहा। क्योंकि खबर है कि अमेरिका के एक होटल में इस कुख्यात गैंगस्टर की विरोधी गुट वाले दूसरे गैंग ने गोलीमार कर हत्या कर दी। आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि तो नहीं हुई, लेकिन ऐसा भी कहा जा रहा है कि विरोधी गैंगस्टर अर्श दल्ला और लखबीर ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। ये भी एक अजीब इत्तेफाक है कि गोल्डी की हत्या की खबर ऐसे समय पर आई, जब मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग के एक आरोपी ने आत्महत्या कर ली।

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर हम इन दो मामलों को एक साथ जोड़ने की कीशिश क्यों कर रहे हैं? लेकिन सच्चाई ये है कि दोनों ही मामलों के तार एक दूसरे जुड़े हों या न हों, लेकिन इसके किरदार कहीं न कहीं जुड़े हैं और वो किरदार हैं- सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई और गैंगस्टर गोल्डी बराड़।

पुलिस वाले का लड़का कैसे बना गैंगस्टर?


इस कहानी में आगे बढ़ें इससे पहले जान लीजिए कि आखिर कैसे एक पुलिस वाले का लड़का ही कानून का इतना बड़ा दुश्मन बन गया। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मुख्य संदिग्ध गोल्डी बराड़ लंबे समय से गैंगवार की संदिग्ध दुनिया से जुड़ा हुआ है।

पंजाब के मुक्तसर साहिब में 1994 में जन्मे बराड़ के पिता पंजाब पुलिस में थे। जिस पिता ने कानून और देश की रक्षा करने की कसम खाई थी, उसे ये नहीं मालूम था कि आगे चल कर उसका ये बेटा ही इस देश की शांति और कानून का बहुत बड़ा दुश्मन बन जाएगा।

चचेरे भाई की हत्या का लिया बदला

गोल्डी बराड़ (Goldy Barar) का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। गोल्डी के अपराध की दुनिया में आने की कहानी भी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। दरसअल 11 अक्टूबर 2020 को इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन के एक क्लब के बाहर कुछ लोगों ने कॉलेज के एक छात्र नेता गुरलाल बराड़ को गोलियों से भून दिया था और गुरलाल बराड़ और कोई नहीं बल्कि गोल्डी का चचेरा भाई था।

गुरलाल की मौत के बाद गोल्डी ने उसके हत्यारों से बदला लेने की ठानी और पंजाब में लोकल गैंग में शामिल होकर अपराध की दुनिया में अपना पहला कदम रख दिया। उसने अपने चचेरे भाई की हत्या करने वालों से बदला भी ले लिया।

कहते हैं कि अपराध की दुनिया एक ऐसा दल-दल है, जिसमें एक बार फंस गए, तो आप अंदर धस्ते ही चले जाएंगे। गोल्डी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ और वो जल्द ही बड़े अपराध करने लगा।

स्टूडेंट वीजा पर गुपचुप तरीके से कनाडा भागा

जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से हाथ मिलाकर गोल्डी ने फरीदकोट में गुरलाल सिंह पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद वो स्टूडेंट वीजा पर गुपचुप तरीके से कनाडा भाग निकला। इधर गोल्डी देश छोड़ कर निकला, उधर उसका नाम पंजाब की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में आ चुका था।

अब गोल्डी बराड़ न सिर्फ भारत में बल्कि अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए कनाडा के 25 मोस्ट वांटेड में भी शामिल हो गया। वहां से बैठ कर वो भारत में गैंगवार कराता था। बराड़, लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड माना जाता था।

सलमान खान के घर पर फायरिंग से कनेक्शन

ये तो थी गोल्डी बराड़ के क्राइम की दुनिया में आने की पूरी कहानी। अब आपको बताते हैं कि गोल्डी बराड़ और सलमान खान के घर पर फायरिंग के बीच क्या कनेक्शन है। इन दोनों के बीच एक ही कड़ी है और वो है लॉरेंस बिश्नोई। जैसे कि हम आपको पहले ही बता चुके हैं, गोल्डी लॉरेंस का राइट हैंड था।

दरअसल 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के घर पर फायरिंग हुई। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली। उसने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना को 'सिर्फ एक ट्रेलर' बताया था।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली

अब याद कीजिए जब पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सबसे पहले मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, बराड़ ने खुलेआम TV पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने आरोप लगाया कि लॉरेंस के साथी विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में मूसेवाला भी शामिल था, इसलिए उन्होंने इसका बदला लिया है।

बरार ने कहा,"हां, मैंने ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या करवाई है। सिद्धू की हत्या के पीछे निजी कारण है। ये एक ग्रुप टास्क था। सिद्धू को बिना मतलब की पावर मिली और उसे सबक सिखाया गया।''

सलमान खान हमारा टारगेट है: गोल्डी बराड़

इस दौरान उसने दावा किया कि उसके गैंग का अगला टारगेट बॉलिवुड एक्टर सलमान खान (Salman Khan) हैं। बराड़ ने सलमान खान को एक धमकी वाला ईमेल भी भेजा था, जिसके बाद एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सलमान को जान से मारने की धमकी देने के लिए बराड़ और उसके साथी लॉरेंस बिश्नोई और रोहित पर IPC की धारा 506(2),120(B) और 34 के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

गैंगस्टर ने तब कहा था, “जैसा कि हमने पहले कहा है, ये सिर्फ सलमान खान के बारे में नहीं है। जब तक हम जिंदा हैं, हम अपने सभी दुश्मनों के खिलाफ अपनी कोशिश जारी रखेंगे। सलमान खान हमारा टारगेट है, इसमें कोई शक नहीं है। हम कोशिश करते रहेंगे और जब हम इसमें सफल होंगे, तो आपको पता चल जाएगा।"

रैपर हनी सिंह को भी गोल्डी की ओर से जान से मारने की धमकी वाला वॉइस नोट मिला था। इसके बाद हनी सिंह तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए दिल्ली हेडक्वार्टर भी पहुंचे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।