मुंबई पुलिस ने सोमवार को एक बयान में कहा कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) को हाल ही में मिले धमकी भरे पत्रों की पृष्ठभूमि में आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन करने के बाद उन्हें शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया गया है। सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी वाला पत्र मिलते ही मुंबई पुलिस एक्शन में आ गई थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान भी अपनी सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरत रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेता अब बुलेट प्रूफ कार में चलेंगे। इसके अलावा अभिनेता की सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सलमान को आत्मरक्षा के लिए एक बंदूक का लाइसेंस जारी किया है।
सलमान खान ने 22 जुलाई को मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर से दक्षिण मुंबई में उनके कार्यालय में मुलाकात की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता ने हथियार के लाइसेंस के लिए अप्लाई किया था।
हालांकि, सलमान खान ने पत्रकारों से कहा था कि पुलिस कमिश्नर उनके पुराने दोस्त है और वह उन्हें बधाई देने गए थे। यह मुलाकात ऐसे समय हुई थी, जब जून महीने खान को धमकी भरा एक पत्र प्राप्त हुआ था।
सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को एक पत्र मिला था, जिसमें धमकी दी गई थी कि दोनों का पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तरह हश्र किया जाएगा। मूसेवाला की मई में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्र मिलने के बाद खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने एक फेसबुक पोस्ट में सिंगर मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। गोल्डी बराड़ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है, जो पंजाबी रैपर की हत्या का मुख्य संदिग्ध है।