सलमान खान की सुरक्षा उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब एक बाइकर उनके काफिले के करीब आ गया। मंगलवार की रात जब सलमान घर जा रहे थे, तभी एक बाइक सवार उनके काफिले का पीछा करने लगा। घटना देर रात 12:15 बजे की है। एक्टर की सिक्योरिटी टीम ने उस शख्स को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सलमान खान के सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बांद्रा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया।
पुलिस ने जब गहन जांच की, तो पता चला कि बाइक सवार को नहीं पता था कि वह सलमान खान का काफिला है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जान से मारने की धमकियों का सामना कर रहे सलमान ने अभी तक इस मामले पर कुछ भी नहीं कहा।
सलमान की कार तक पहुंचने की कोशिश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बाइकर 21 साल का युवक था, जिसने कथित तौर पर बांद्रा में सलमान के काफिले का पीछा किया था। ऐसा दावा है कि वह सुपरस्टार की कार तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने कहा कि युवक ने 'सलमान खान की कार के करीब जाने के लिए उनके सिक्योरिटी कार के बीच से निकलने की कोशिश की।' सुरक्षा अधिकारियों में से एक ने सलमान के घर पर तैनात पुलिस को इसके बारे में बताआ। आखिरकार, उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने 21 साल के युवक की पहचान हैदराबाद निवासी उजार फैज मोइउद्दीन के रूप में की है। वह कथित तौर पर मुंबई में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था।
FIR बीएनएस की धारा 125 (दूसरों के जीवन और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) और 281 (सार्वजनिक तरीके से लापरवाही से गाड़ी चलाना या सवारी करना) के तहत दर्ज की गई थी। जांच के बाद पुलिस को उसके बयान पर कोई शक नहीं हुआ और उसे छोड़ दिया गया।
सलीम खान को भी मिली सुबह की सैर के दौरान धमकी
सलीम खान को सुबह की सैर के दौरान धमकी मिलने की खबर के बीच यह घटना सामने आई है। अनुभवी लेखक, जो सलमान के पिता भी हैं, सुबह की सैर पर थे, जब एक महिला ने उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर धमकी दी।
इंडिया टुडे के मुताबिक, जो महिला सलीम खान के पास पहुंची थी, उसने बुर्का पहना हुआ था। रिपोर्ट में कहा गया है, "जब सलीम खान सलमान खान के साथ सुबह की सैर पर निकले थे, तो स्कूटर पर एक आदमी और बुर्का पहने महिला उनके पास आए और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का हवाला देते हुए धमकी दी।"
सलमान को लॉरेंस बिश्नोई से जान से मारने की धमकी मिल रही है, जिसे देखते हुए एक्टर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।