पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर (Seema Haider) और उसके भारतीय प्रेमी सचिन मीणा (Sachin Meena) के आर्थिक तंगी से जूझने की खबर सामने आने के बाद अब इस कपल को एक के बाद एक काम के ऑफर मिल रहे हैं। सीमा हैदर को बॉलीवुड फिल्मों में काम करने का ऑफर मिला है। काफी दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सीमा और सचिन के बदहाली की खबर के बाद एक बॉलीवुड प्रोड्यूसर ने उन्हें फिल्म में काम करने का ऑफर दिया है और उनकी मदद करने की पेशकश की है। मेरठ निवासी प्रोड्यूसर अमित जानी ने मुंबई में अपनी बन रही फिल्म में दोनों को काम करने का ऑफर दिया है। ताकि काम करके वे अपना जीवन यापन कर सकें।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, अमित जानी मुंबई में उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल मर्डर पर एक फिल्म बना रहे हैं। उनका कहना है कि शुरू में हम सीमा हैदर के साथ नहीं थे, लेकिन पता चला उसे और सचिन को खाने-पीने की परेशानी है तो मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मे अंजू की मदद के लिए हाथ बढ़ रहे हैं तो इधर सचिन और सीमा हैदर ने कहा है कि वे पुलिस की जांच के कारण काम-धंधे पर नहीं जा पा रहे हैं।
'ए टेलर मर्डर स्टोरी' में करेंगी काम
अमित जानी ने हाल ही में मुंबई में फिल्म प्रोडेक्शन हाउस बनाया है और और उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल साहू की हत्या पर 'ए टेलर मर्डर स्टोरी (A Tailor Murder Story)' के नाम से फिल्म बना रहे हैं। अमित जानी ने सीमा सचिन को ऑफर दिया कि यदि वे उनके प्रोडक्शन मे काम करें तो वे उनको लाखों रुपये मेहनताना दे सकते हैं, जिससे वो अपना जीवन-यापन कर सकेंगी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 'ए टेलर मर्डर स्टोरी' करीब 25 करोड़ रुपये से 30 करोड़ रुपये के बजट में बनेगी। इसी साल नवंबर में फिल्म के रिलीज होने की संभावना है।
अन्य लोगों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
सीमा और सचिन के सामने आजीविका की समस्या है, ये खबर जैसे ही वायरल हुई तो मेरठ निवासी उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी ने ग्रेटर नोएडा में रह रहे सीमा-सचिन के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्हें अपने फिल्म प्रॉडेक्शन हाउस 'जानी फायरफॉक्स (Jani Firefox)' मे एक्टिंग का ऑफर दिया है। इसके अलावा सीमा और सचिन को गुजरात से एक पत्र मिला है, जिसमें एक बिजनेसमैन ने उन्हें 6-6 लाख रुपये का सालाना पैकेज ऑफर किया है।
पत्र में कहा गया है कि दंपत्ति कभी भी आकर नौकरी ज्वाइन कर सकते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कपल को सोमवार को रबूपुरा पोस्ट ऑफिस से एक लिफाफा मिला। लिफाफे पर गुजरात का पता लिखा था। लिफाफे में एक ऑफर लेटर था। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में कपल द्वारा इसे खोला गया। ऑफर लेटर में गुजरात के एक बिजनेसमैन ने सीमा और सचिन दोनों को 50,000 रुपये प्रति माह सैलरी देने की पेशकश की है। ऑफर लेटर में यह भी लिखा था कि वे जब चाहें आकर नौकरी ज्वाइन कर सकते हैं।
हालांकि, अभी कारोबारी की पहचान उजागर नहीं की गई है। सीमा और सचिन दोनों पुलिस की निगरानी में हैं। सचिन फिलहाल कोई काम नहीं कर रहा है। इस कपल की दुर्दशा और गरीबी की कहानियां सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। सीमा का एक वीडियो भी ऑनलाइन सामने आया है, जिसमें वह अपने पति की कमाई और उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जाहिर करती नजर आ रही हैं। सीमा का कहना है कि यूपी ATS की क्लीन चिट मिलने के बाद वह फिल्म में काम करेंगी।