Shark Tank India: रियलिटी टीवी शो शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) में कई स्टार्टअप्स ने बेहतर मुकाम हासिल किया है। शो का पहला सीजन खत्म हो चुका है। इस शो से मीमर्स को खूब सारा कच्चा माल तो मिला ही, कई युवाओं के आइडियाज को शार्क यानी शो के जजों से फंड भी मिले हैं। इस फंड से युवाओं को अपने स्टार्टअप को उड़ान भरने में सहायता मिलेगी। शो के प्रति लोगों की दीवानगी बढ़ती जा रही है। शो के कई जजों ने दिल खोलकर पैसे लगाए और एक निवेशक के तौर पर नई पीढ़ी के दिलों में राज कर रहे हैं।
शार्क टैंक इंडिया का पहला सीजन सफलता पूर्वक खत्म हो गया है। इस सीजन में कुल 35 ऐपिसोड प्रसारित हुए हैं। पहले सीजन में करीब 67 स्टार्टअप्स को अब तक कुल 57 लाख डॉलर (करीब 42 करोड़ रुपये) की फंडिंग मिल चुकी है। यह शो हमेशा सुर्खियों में रहा है। कभी जजों की टिप्पणी से तो कभी स्टार्टअप की कहानी लोगों के दिलों को छू गई।
आज हम आपको बता रहे हैं कि इस शो के जजों के पास कितनी संपत्ति है जो कि लोगों के स्टार्टअप में दिलखोलकर निवेश कर रहे हैं।
अमन गुप्ता (Aman Gupta) - अमन गुप्ता भारतीय इलेक्ट्रॉनिक ब्रांड- बोट (BOAT) के को-फाउंडर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर हैं। इस कंपनी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। ये कंपनी हेडफोन, ईयरफोन आर चार्जर जैसे सामान बनाती है। नेटर्वर्थ के मामले में अमन बाकी जजों से आगे हैं। इनका टोटल नेटवर्थ 93 मिलियन डॉलर यानी करीब 700 करोड़ रुपये है।
अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) – शार्क टैंक इंडिया के जजों में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वालों की लिस्ट में अशनीर ग्रोवर भी शामिल हैं। एक तरफ वो गुस्सैल रवैये के चलते सुर्खियों में रहे, वहीं अपनी कंपनी में ही वो विवादों में आ गए। ग्रोवर भारतपे (BharatPe) के को-फाउंडर हैं। उनके पास करीब 90 मिलियन डॉलर यानी करीब 670 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
नमिता थापर (Namita Thapar) – नमिता थापर शार्क टैंक इंडिया के महिला जजों में सबसे अमीर महिला हैं। थापर Emcure Pharmaceutical की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। इसके अलावा वह इनक्रेडिबल वेंचर्स की फाउंडर भी हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 8.28 करोड़ डॉलर यानी 617 करोड़ रुपये की है।
पीयूष बंसल (Peyush Bansal) – पहले सीजन में पीयूष बंसल को सबसे शालीन व्यवहार के चलते काफी पसंद किया गया। बंसल ने लेंसकार्ट की स्थापना की है। इससे पहले पीयूष बंसल अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में नौकरी कर रहे थे। इनकी नेटवर्थ करीब 8 करोड़ डॉलर (595 करोड़ रुपये) है।
अनुपम मित्तल (Anupam Mittal) - अनुपम मित्तल देश की सबसे लोकप्रिय मैट्रीमोनिययल वेबसाइट shaadi.com चलाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनकी संपत्ति करीब 70 मिलियन डॉलर यानी 7 करोड़ डॉलर हैं। मित्तल फिल्में भी प्रोड्यूज कर चुके हैं।
ग़ज़ल अलघ MamaEarth की को-फाउंडर हैं। यह कंपनी मां और नवजता बच्चे की त्वचा की देखभाल से जुड़े प्रोडक्ट बनाती है। इनकी कुल संपत्ति 1.7 करोड़ डॉलर है। इसी साल इनकी कंपनी यूनिकॉर्न बनी है।