रविवार को मुंबई में आयोजित मिस दिवा फिनाले में श्वेता शारदा को मिस दिवा यूनिवर्स 2023 (Miss Diva Universe 2023) का ताज पहनाया गया। दिवा को मिस दिवा यूनिवर्स 2022 दिविता राय ने ताज पहनाया। अब शारदा इस नवंबर में अल साल्वाडोर में होने वाली 72वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ग्रैंड फिनाले में, 22 साल की श्वेता शारदा ने डिजाइनर निकिता म्हैसलकर का शिमरी थाई-स्लिट गाउन पहना था।
16 साल की उम्र में ही मुंबई आ गई थीं श्वेता
शारदा का जन्म चंडीगढ़ में हुआ था और 16 साल की उम्र में वह मुंबई आ गईं। फेमिना ब्यूटी पेजेंट्स के अनुसार, उन्हें शहर में अपने शुरुआती वर्षों में संघर्ष करना पड़ा। फिनाले के दौरान जब उनसे उनके जीवन के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने अपनी मां का नाम लिया। उनका पालन-पोषण उनकी मां ने किया है। फेमिना के मुताबिक, श्वेता ने सीबीएसई बोर्ड के तहत अपनी पढ़ाई पूरी की और वे इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं।
इन रियल्टी शोज में नजर आ चुकी हैं श्वेता
श्वेता शारदा ने डांस+, डांस दीवाने और डांस इंडिया डांस जैसे कई डांस रियलिटी शो में भाग लिया है। उन्होंने कोरियोग्राफर के तौर पर झलक दिखला जा में भी हिस्सा लिया था। श्वेता ने पेजेंट पर इस बारे में लिखते हुए बताया कि जब मुझे भारत के सबसे प्यारे अभिनेताओं के साथ काम करने और अपना डांस सिखाने का मौका मिला। सलमान खान, दीपिका पादुकोण कैटरीना कैफ, मौनी रॉय वैभवी मर्चेंट और सदाबहार दिवा माधुरी दीक्षित जैसे सितारों को मैंने टीवी पर देखा है। बता दें कि इंस्टाग्राम पर शारदा के 4 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उन्होंने जुबिन नौटियाल और तुलसी कुमार के गाने "मस्त आंखें" के म्यूजिक वीडियो में अभिनेता शांतनु माहेश्वरी के साथ अभिनय भी किया था। इस बीच, दिल्ली की सोनल कुकरेजा को मिस दिवा सुपरनैशनल 2023 का ताज पहनाया गया और कर्नाटक की तृषा शेट्टी मिस दिवा यूनिवर्स 2023 की उपविजेता रहीं।