सोनाक्षी सिन्हा के पति जहीर इकबाल पर 'लव जिहाद' के आरोप, शत्रुघ्न सिन्हा हुए बीमार! अब बेटे लव का आया बयान

Sonakshi Sinha's Marriage: सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने सात साल के प्रेम संबंध के बाद 23 जून को शादी की थी। सोनाक्षी के घर एक निजी समारोह में दोनों ने कानूनी तौर पर विवाह किया। इसके बाद फिल्म जगत के अपने साथियों तथा दोस्तों के लिए उन्होंने एक पार्टी का आयोजन किया था

अपडेटेड Jul 01, 2024 पर 7:11 PM
Sonakshi Sinha's Marriage: शत्रुघ्न सिन्हा को पिछले सप्ताह वार्षिक नियमित जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था

TMC सांसद एवं बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी के कुछ ही दिन बाद बीमार हो गए। शादी के एक सप्ताह के अंदर ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनके बेटे लव सिन्हा ने सोमवार को शत्रुघ्न सिन्हा के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने के लिए शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने दोहराया कि उनके सांसद पिता को तेज बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी कोई सर्जरी नहीं हुई है। इस बीच न्यूज 18 के एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अभिनेता अपने डाइनिंग रूम में 'हादसे' का शिकार हुए थे।

'लव जिहाद' का आरोप

सोनाक्षी सिन्हा की शादी दो दिन बाद 25 जून को शत्रुघ्न सिन्हा कथित तौर पर हादसे का शिकार हो गए। इस कथित घटना से एक दिन पहले 24 जून को बिहार के हिंदुवादी संगठन 'हिंदू शिव भवानी सेवा' ने जहीर इकबाल पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए सोनाक्षी सिन्हा से उनकी शादी को इस्लामीकरण की कोशिश करार दिया था।


77 वर्षीय शत्रुघ्न सिन्हा को पिछले सप्ताह वार्षिक नियमित जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था। लव सिन्हा ने X पर कहा, "अपने पिता के स्वास्थ्य के संबंध में मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि कोई सर्जरी नहीं हुई है, और किसी को भी अपुष्ट समाचारों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।"

उन्होंने कहा, "हम अपने पिता को उनकी वार्षिक नियमित जांच के लिए अस्पताल ले गए, क्योंकि उन्हें बहुत तेज बुखार था। उन सभी का धन्यवाद जिन्होंने (मेरे पिता के स्वास्थ्य को लेकर) चिंता जताई है।" शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी और जहीर इकबाल की शादी को "सदी की शादी" करार दिया। सिन्हा पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सासंद हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने किया शादी का बचाव

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर ने सात साल के प्रेम संबंध के बाद 23 जून को शादी की थी। सोनाक्षी के घर एक निजी समारोह में दोनों ने कानूनी तौर पर विवाह किया। इसके बाद फिल्म जगत के अपने साथियों तथा दोस्तों के लिए उन्होंने एक पार्टी का आयोजन किया था।

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्हा की जहीर इकबाल से शादी का विरोध करने वालों के खिलाफ आवाज उठाई। दिग्गज अभिनेता ने कहा कि शादी एक व्यक्तिगत पसंद है और किसी को भी उनकी बेटी के जीवन के फैसलों पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।

ये भी पढ़े- 'मुझे इस इंसान से प्यार है...': अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली के लिए शेयर किया इमोशनल पोस्ट, इंस्टाग्राम पर लिखी ये बात

सिन्हा ने टाइम्स नाउ से बात करते हुए कहा, "शादी दो लोगों के बीच एक बहुत ही व्यक्तिगत फैसला है। किसी को भी इसमें हस्तक्षेप करने या टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।" अभिनेता से नेता बने सिन्हा ने इस बात पर जोर देकर कहा कि सोनाक्षी-ज़हीर की शादी कानूनी रूप से वैध है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।