Sonakshi Sinha: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा अपनी फिल्मों और दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक सह-कलाकार के बारे में एक बड़ा खुलासा किया है। सोनाक्षी के इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया है। दरअसल, सोनाक्षी ने बताया कि एक बार एक फेमस बॉलीवुड एक्टर ने उनके साथ काम करने से इंकार कर दिया और इसकी वजह काफी अजीब थी। उन्होंने बताया कि, एक्टर को उनके पुराने लुक्स पसंद नहीं आए थे और इसलिए उन्होंने साथ में काम करने से मना कर दिया था।
हाल ही में जूम को दिए गए एक इंटरव्यू में सोनाक्षी ने खुलासा किया, "मुझे ऐसे एक्टर्स से निपटना पड़ा जो मुझसे उम्र में बड़े हैं और जिन्होंने कहा, 'ओह, वह हमसे बड़ी दिखती है'। मैं बस उनका शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। मैं आप जैसे व्यक्ति के साथ काम नहीं करना चाहती।"
एक्टर ने साथ काम करने से किया था मना
बता दें कि दबंग गर्ल का यह बयान तब सामने आया जब इंटरव्यू में सोनाक्षी को उनसे जुड़े किसी किस्से के बारे में पूछ गया। उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के खुलासा किया कि एक बार उन्हें एक बड़े प्रोजेक्ट से सिर्फ इसलिए हटा दिया गया क्योंकि उनके सह-कलाकार को लगता था कि वह "बड़ी दिखती हैं।" सोनाक्षी ने कहा कि यह घटना उनके करियर के शुरुआती दिनों की थी, जब वह खुद को इंडस्ट्री में जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं।
सोनाक्षी का बयान हुआ वायरल
सोनाक्षी का यह बयान तेजी से वायरल हो गया और कई फैंस और सह-कलाकार उनके समर्थन में आ गए। सोशल मीडिया पर लोग इस बात की आलोचना कर रहे हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में किस तरह से महिलाओं को उनके लुक्स के आधार पर आंका जाता है। साथ ही, उनके इस साहसिक बयान की भी तारीफ की जा रही है कि उन्होंने बेबाकी से अपनी बात कही। सोनाक्षी के इन खुलासों के बाद, यह मामला इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है। कई उनके सह-कलाकार और फिल्म निर्माता अब इस विषय पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, आखिर फिल्म इंडस्ट्री को लुक्स के दायरे से बाहर आकर टैलेंट और अभिनय पर भी ध्यान देना चाहिए।
सोनाक्षी के इस बयान के बाद से ही फैंस ये जानने की कोशिश करने लगे कि आखिर वो एक्टर हैं कौन। फैंस पुराने ऑर्टिकल को भी ढूंढ लाए और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने लगे। बता दें कि रणबीर कपूर ने 2012 में सोनाक्षी सिन्हा के साथ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में काम करने से मना कर दिया, यह एक पुरानी रिपोर्ट द्वारा दावा किया गया था जो हाल ही में वायरल हुई। बॉलीवुड लाइफ की इस रिपोर्ट के अनुसार, 'रॉकस्टार' फिल्म के अभिनेता रणबीर कपूर सोनाक्षी के साथ स्क्रीन साझा करने के लिए खास उत्साहित नहीं थे। रणबीर को लगता था कि सोनाक्षी उनसे उम्र में बड़ी दिखती हैं और उनकी जोड़ी दर्शकों को प्रभावी नहीं लगेगी। जब रणबीर को एहसास हुआ कि फिल्म के निर्माता सोनाक्षी को कास्ट करने पर अड़े हुए हैं, तो उन्होंने फिल्म को मना कर दिया।