Jacqueline Fernandez: 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को दिल्ली पुलिस ने जारी किया नया समन

महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को 14 सितंबर को पेश होने के लिए नया समन जारी किया है

अपडेटेड Sep 12, 2022 पर 5:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन फर्नांडीज से अब 14 सितंबर को पूछताछ होगी।

ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को 14 सितंबर को पेश होने के लिए नया समन जारी किया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार 12 सितंबर को होने वाली अपनी पूछताछ स्थगित कर दी है, क्योंकि अभिनेत्री ने काम के सिलसिले में व्यस्त होने का हवाला देते हुए एक नई तारीख मांगी थी। मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन फर्नांडीज से अब 14 सितंबर को पूछताछ होगी।

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने नया समन जारी किया है। पुराने कमिटमेंट्स के कारण जैकलीन 12 सितंबर को पूछताछ में शामिल नहीं हो पाईं। बॉलीवुड अभिनेत्री को ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया था कि जैकलीन ने हमसे ई-मेल के जरिए संपर्क किया। उन्हें 12 सितंबर को 11 बजे दिल्ली के मंदिर मार्ग स्थित EOW ऑफिस में पूछताछ में शामिल होना था। लेकिन उन्होंने हमसे कुछ पहले तय कार्यक्रम की बात कही और पूछताछ को पोस्टपोन करने मांग की। इसलिए हमने उन्हें 14 सितंबर को पेश होने के लिए नया समन जारी किया है।


ये भी पढ़ें- Gyanvapi Case: हिंदू पक्ष की याचिका पर कोर्ट सुनवाई को तैयार, मुस्लिम कमेटी की याचिका खारिज

आपको बता दें कि जांच के सिलसिले में अब तक कई बार प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा तलब की जा चुकीं जैकलीन का नाम पूरक आरोपपत्र में पहली बार एक आरोपी के रूप दर्ज किया गया है। ईडी के पहले के आरोपपत्र और एक पूरक आरोपपत्र में अभिनेत्री का नाम आरोपी के रूप में शामिल नहीं था।

दस्तावेजों में दोनों अभिनेत्रियों जैकलीन और नोरा फातेही के दर्ज बयान के विस्तृत ब्योरे का उल्लेख है। ईडी के अनुसार फातेही और जैकलीन ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से आलीशान कार समेत अन्य महंगी चीजें तोहफे की रूप में ली थीं।

ईडी ने जैकलीन का बयान 20 अक्टूबर, 2021 और 30 अगस्त को दर्ज किया था, जिसमें उन्होंने तोहफे लेने की बात स्वीकार की थी। इसी तरह फातेही का बयान 13 सितंबर और 14 अक्टूबर 2021 को दर्ज किया था, जिसमें उन्होंने चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना पॉलोस से महंगे तोहफे लेने की बात स्वीकार की थी।

इस मामले में 36 वर्षीय अभिनेत्री से एजेंसी ने कई बार पूछताछ कर चुकी है। आखिरी बार जून में पूछताछ हुई थी। श्रीलंकाई नागरिक फर्नांडीज ने 2009 में हिंदी फिल्म उद्योग में अपने करियर की शुरुआत की थी। ईडी ने अप्रैल में पीएमएलए के तहत उनकी 7.27 करोड़ रुपये की निधि कुर्क की थी तथा 15 लाख रुपये की नकदी जब्त की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।