ठगी के आरोपों में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने वैलेंटाइंस डे पर बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस के लिए एक रोमांटिक लेटर लिखा है। रोमांटिक लेटर में सुकेश ने जैकलीन को "बेबी गर्ल" कहकर अपने प्यार का इजहार किया। सुकेश का यह लेटर एक बार फिर से चर्चा में बन गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने जैकलीन फर्नांडिस के लिए खास तौर पर तैयार किया गया एक प्राइवेट जेट गिफ्ट किया।
अपने लेटर में सुकेश ने लिखा, "बेबी गर्ल, सबसे पहले तुम्हें वैलेंटाइंस डे की ढेर सारी शुभकामनाएं। इस साल शुरुआत बहुत पॉजिटिविटी और हमारे लिए काफी खास चीजों के साथ हुई है और यह वैलेंटाइंस सबसे खास होने वाला है। क्योंकि यह वैलेंटाइन डे हमारी जिंदगी के बाकी वैलेंटाइन डेज को एक साथ बिताने से सिर्फ एक कदम दूर है।" सुकेश ने आगे कहा, जैकी मैं ये कहना चाहता हूं कि मैं आपसे पागलों की तरह प्यार करता हूं। आप इस दुनिया की सबसे अच्छी वैलेंटाइन हो"
सुकेश ने जैकलीन को गिफ्ट किया प्राइवेट जेट
सुकेश ने अपने पत्र में बताया कि वह जैकलीन को वैलेंटाइन डे के मौके पर एक प्राइवेट जेट गिफ्ट कर रहे है। सुकेश ने बताया लिखा कि, यह जेट जैकलीन के नाम के पहले अक्षर से डिजाइन किया गया है और इसकी रजिस्ट्रेशन नंबर उनकी बर्थ डेट है। सुकेश ने लिखा कि जैकलीन अक्सर शूटिंग के लिए अलग-अलग जगहों पर सफर करती हैं। इस जेट से उनकी यात्रा अब और भी आरामदायक और आसान हो जाएगी। सुकेश ने यह भी दावा किया है कि जेट किसी अवैध कमाई से नहीं खरीदा गया। इसलिए इस पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकती।
लेटर में बताई अपनी ख्वाहिश
अपने पत्र के आखिर में, सुकेश ने अपने प्यार का इजहार करते हुए कहा कि "मेरी ये ख्वाहिश है कि अगर मेरा दुबारा जन्म हुआ, तो वह जैकलीन के दिल के रूप में जन्म लेना चाहता हूं, ताकि हमेशा आपके साथ रह सकूं। मैं इस दुनिया का सबसे भाग्यशाली इंसान हूं, जिसको जैकलीन जैसी खास वैलेंटाइन मिली।
बता दें सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है। ऐसी अफवाह थी की वह जैकलीन फर्नांडिस के साथ रिलेशनशिप में है, लेकिन एक्ट्रेस ने हमेशा इस रिश्ते से इनकार किया है। फरवरी 2024 में जैकलीन ने सुकेश पर उनकी इमेज खराब करने और परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की लेकिन बाद में अपनी याचिका वापस ले ली।