'रिया चक्रवर्ती ने सह आरोपियों से कई बार गांजा खरीदकर दिवंगत एक्टर को दी थी', सुशांत सिंह मामले में NCB ने लगाए गंभीर आरोप

NCB ने सुशांत सिंह राजपूत की हत्या से जुड़े ड्रग्स संबंधी मामले में दाखिल अपने मसौदा आरोपों में दावा किया है कि रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई शोविक समेत सह आरोपियों से कई बार गांजा लिया था और उसे राजपूत को दिया गया था

अपडेटेड Jul 13, 2022 पर 1:35 PM
NCB के मुताबिक रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई सहित कई अन्य आरोपितों से ड्रग्स खरीदकर सुशांत को दी थी

Sushant Singh Rajput Drugs Case: सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स केस में उनकी गर्लफ्रेंड रहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दावा किया है कि रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती समेत कई अन्य आरोपियों से गांजा लिया था। NCB का आरोप है कि रिया ने यही गांजा दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को भी दिया था।

NCB ने सुशांत सिंह राजपूत की हत्या से जुड़े ड्रग्स संबंधी मामले में दाखिल अपने मसौदा आरोपों में दावा किया है कि रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई शोविक समेत सह आरोपियों से कई बार गांजा लिया था और उसे राजपूत को दिया गया था। एनसीबी ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अदालत में 35 आरोपियों के खिलाफ पिछले महीने मसौदा आरोप दाखिल किए थे, जिनका डिटेल्स मंगलवार को उपलब्ध कराया गया।

आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप


मसौदा आरोपों के अनुसार, सभी आरोपियों ने एक दूसरे के साथ मिलकर या ग्रुप में मार्च 2020 और दिसंबर 2020 के बीच आपराधिक षड्यंत्र रचा, ताकि वे हाई सोसाइटी और बॉलीवुड में नशीले पदार्थों का वितरण, बिक्री और खरीद कर सकें। एनसीबी ने कहा कि आरोपियों ने मुंबई महानगर क्षेत्र के भीतर नशीले पदार्थों की तस्करी को वित्तपोषित किया था। उन्होंने गांजा, चरस, कोकीन और अन्य नशीले एवं मन: प्रभावी पदार्थों का इस्तेमाल किया था।

ये भी पढ़ें- CBSE 10th, 12th Result 2022: सीबीएसई 10वीं और 12वीं के रिजल्ट इस दिन होंगे जारी, जानें डेट और समय सहित सभी डिटेल

मसौदा आरोपों के अनुसार, इसलिए उनके खिलाफ धारा 27 और 27 A (अवैध तस्करी को वित्तपोषित करना और अपराधियों को शरण देना) 28 (अपराध करने के प्रयासों के लिए सजा), 29 (जो कोई उकसाता है, या आपराधिक षड्यंत्र में शामिल है) समेत NDPS एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि आरोपी संख्या 10 रिया चक्रवर्ती ने आरोपियों सैमुअल मिरांडा, शोविक, दीपेश सावंत और अन्य से गांजा प्राप्त किया तथा उसे दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को सौंपा।

रिया ने खुद किया भुगतान

एक्ट्रेस ने शोविक और दिवंगत अभिनेता के कहने पर मार्च 2020 और सितंबर 2020 के बीच इस खेप के लिए भुगतान किया। मसौदा आरोपों के अनुसार, रिया का भाई शोविक नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के नियमित संपर्क में था और उसने गांजा एवं चरस के ऑर्डर देने के बाद सह-आरोपियों से इसे प्राप्त किया था।

NCB के मुताबिक, इन नशीली पदार्थों को राजपूत को दिया गया था। मसौदा आरोपों को दाखिल करने से आरोप तय करने की जमीन तैयार हो जाती है, जिसके बाद सुनवाई शुरू होती है। बहरहाल, आरोप तय करने से पहले अदालत को पहले आरोपियों की दोषमुक्ति याचिका पर फैसला करना होगा।

NDPS एक्ट से संबंधित मामलों की सुनवाई करने वाले विशेष न्यायाधीश वी जी रघुवंशी ने मामले की सुनवाई के लिए 27 जुलाई की तारीख तय की है। चक्रवर्ती को इस मामले में सितंबर 2020 में गिरफ्तार किया गया था और एक महीने बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी। एनसीबी ने 14 जून, 2020 का राजपूत की मौत के बाद फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में नशीली दवाओं के कथित उपयोग की जांच शुरू की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।