Swara Bhasker: एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म छावा के एक सीन पर दर्शकों की रिएक्शन को लेकर सवाल उठाया था। इसमें मुगलों द्वारा संभाजी महाराज पर किए गए अत्याचार दिखाए गए थे। स्वरा ने अपने पोस्ट में लोगों की इमोशनल रिएक्शन की तुलना महाकुंभ भगदड़ हुई मौतों की घटनाओं से की थी। इस पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया और लोगों ने इसे संभाजी महाराज का अपमान बताया। अब स्वरा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए माफी मांग ली है।
अपने ट्वीट पर स्वरा ने दी सफाई
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने माफी मांगते हुए कहा, "मेरे ट्वीट ने काफी गलतफहमी और हुई बहस पैदा कर दी। मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और उनके सामाजिक न्याय व महिलाओं के सम्मान के विचारों की पूरी तरह सराहना करती हूं।" स्वरा ने आगे कहा, "मेरा बस इतना कहना है कि इतिहास का सम्मान जरूरी है, लेकिन इसका इस्तेमाल वर्तमान की गलतियों को छिपाने के लिए नहीं होना चाहिए। इतिहास हमें जोड़ने के लिए होता है, न कि लोगों को बांटने या असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए।"
'मुझे भी अपने इतिहास पर गर्व है'
स्वरा भास्कर ने कहा, "अगर मेरे पहले के ट्वीट से किसी को दुख पहुंचा हो तो मुझे खेद है। मुझे भी अपने इतिहास पर गर्व है, जैसे हर भारतीय को होता है। इतिहास हमें जोड़ना चाहिए और एक बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना चाहिए।"
स्वरा भास्कर ने पहले क्या कहा था
स्वरा भास्कर ने अपनी पोस्ट में लिखा था, "अगर लोग 500 साल पहले के हिंदुओं पर दिखाए गए फिल्मी अत्याचारों पर ज्यादा गुस्सा हैं, लेकिन भगदड़ और अव्यवस्था से हुई दर्दनाक मौतों पर चुप हैं, तो यह समाज संवेदनहीन हो चुका है।" बता दें 29 जनवरी को महाकुंभ में भगदड़ मच गई थी, जिसमें 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
'छावा' ने कमाए इतने करोड़
फिल्म 'छावा' में विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना लीड रोल में है। यह फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के बाद से ही फिल्म हर दिन कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले हफ्ते में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 242.25 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं। फिल्म अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है।