सिंगापुर (Singapore) ने भारतीय फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files)' पर बैन लगा दिया है। सिंगापुर की अथॉरिटीज ने कहा कि फिल्म में मुस्लिम समुदाय का 'एकतरफा चित्रण' दिखाया गया, जिसकी वजह से इसे यहां रिलीज करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। 1990 में कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर बनी इस फिल्म को कथित तौर पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ दुर्भावना फैलाने और तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने को लेकर आलोचना की गई है।
सिंगापुर की अथॉरिटीज ने कहा, "फिल्म में कश्मीर में जारी संघर्ष में मुस्लिमों के खिलाफ गलत व उकसावे वाले और हिंदुओं के उत्पीड़न का एकतरफा चित्रण है। इस वजह से इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती है।" उन्होंने कहा, "हमारे समाज में विभिन्न नस्लों और धर्मों के लोग रहते हैं और इन चित्रण में हमारे विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने और सामाजिक व धार्मिक एकजुटता में बाधा पैदा करने की क्षमता है।"
सिंगापुर अथॉरिटीज ने कहा, "सिंगापुर में किसी भी नस्लीय या धार्मिक समुदाय को बदनाम करने वाली सामग्री को रिलीज की इजाजत नहीं दी जाती है। ऐसे में इस फिल्म को भी क्लासिफिकेशन के दायरे में नहीं रखा जा सकता है।"
'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को केंद्र सरकार और कई राज्य सरकारों ने टैक्स फ्री करने और कर्मचारियों को फिल्म देखने के लिए आधे दिन की छुट्टी देने से जैसे कदम उठाकर समर्थन दिया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था और पहले तीन हफ्ते में इसने 238.28 करोड़ रुपये कमाए थे।
फिल्म में मुख्य भूमिका अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, कृष्ण पंडित, चिन्मय मंडलेकर आदि ने निभाई थी।