The Kashmir Files: बीजेपी शासित कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा सरकार ने 'द कश्मीर फाइल्स' को किया टैक्स-फ्री

he Kashmir Files पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा कश्मीरी हिंदू समुदाय के लोगों की हत्या के बाद उनके घाटी से पलायन पर आधारित है

अपडेटेड Mar 14, 2022 पर 2:56 PM
The Kashmir Files में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी जैसे कई कलाकारों ने भूमिका निभाई है

कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार एवं पलायन पर आधारित निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की हालिया फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' (The Kashmir Files) पूरे देश में खूब वाहवाही बटोर रही है। पिछले हफ्ते शुक्रवार (11 मार्च) को रिलीज हुई इस फिल्म को बीजेपी शासित चार राज्यों में टैक्स फ्री घोषित कर दिया गया है। कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा सरकार ने फिल्म को मनोरंजन टैक्स से छूट देने का फैसला किया है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने रविवार को द कश्मीर फाइल्स फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। बोम्मई ने ट्वीट किया, “कश्मीरी पंडितों को उनके गृह क्षेत्र से निकालने की मार्मिक कथा को ईमानदारी से पर्दे पर दिखाने के लिए विवेक अग्निहोत्री को बधाई। फिल्म के समर्थन और लोगों को इसे देखने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए हम इसे कर्नाटक में टैक्स-फ्री करेंगे।”


कर्नाटक के अलावा फिल्म को बीजेपी नीत मध्यप्रदेश सरकार ने भी राज्य में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' में कश्मीरी हिंदुओं द्वारा 1990 के दशक में सामना किए गए दर्द, पीड़ा, संघर्ष और मानसिक आघात का दिल को झकझोर देने वाला वर्णन किया गया है।

ये भी पढ़ें- महंगाई को लेकर विपक्ष पर भड़के इमरान खान, बोले- 'आलू, टमाटर' की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए राजनीति में नहीं आया

उन्होंने कहा कि फिल्म को अधिक से अधिक लोगों को देखने की जरुरत है। इसलिए हमने इसे मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। चौहान ने इस फिल्म के निर्देशक और निर्माता को फिल्म की सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं भी दी हैं।

इसके अलावा गुजरात सरकार ने भी रविवार को फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक ट्वीट में कहा कि 11 मार्च को प्रदर्शित हुई को फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया है।

वहीं, हरियाणा सरकार ने भी फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को खुद द कश्मीर फाइल्स देखी। फिल्म देखने के बाद सीएम ने ट्वीट कर कहा, "आज फिल्म को थिएटर में देखा। हरियाणा सरकार ने फिल्म कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री किया है, ताकि हमारी वर्तमान पीढ़ी भी इस जीवंत फिल्म को देखे और समझे।"

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "1990 में कश्मीर घाटी में जो मानवीय त्रासदी हुई थी, फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' उसका सजीव और मार्मिक चित्रण है। मेरा सौभाग्य रहा है कि मैंने लंबे अरसे तक जम्मू-कश्मीर में संगठन के लिए काम किया है, वहां के लोगों की पीड़ा और हालातों को करीब से देखा और समझा है।"

बता दें कि यह फिल्म कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों की हत्या और उनके पलायन पर आधारित है तथा इसका निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है। इस फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार एवं पलायन पर बनी यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई है। फिल्म में अनुपम खेर, पल्लवी जोशी एवं मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।