'श्रद्धा हत्याकांड के कारण तुनिषा से तोड़ा रिश्ता', पुलिस हिरासत में बोला शीजान, मां ने लगाया 'बेटी को इस्तेमाल' करने का आरोप

Tunisha Sharma Death: शीजान खान (Sheezan Khan) ने पुलिस को बताया कि वह अफताब के श्रद्धा की हत्या करने के बाद 'देश में बने माहौल से काफी परेशान था' कि उसने तुनिषा शर्मा के साथ अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया

अपडेटेड Dec 26, 2022 पर 3:48 PM
तुनिषा शर्मा के साथी कलाकार और ब्वॉयफ्रेंड शीजान खान ने पुलिस सामने एक बेहद ही चौंकाने वाला खुलासा किया

Tunisha Sharma Death: एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा (Tunisha Sharma) की मौत का मामला फिलहाल काफी चर्चाओं में है। इस बीच एक्ट्रेस की मौत के इस मामले की एक कड़ी दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड (Shraddha Murder Case) से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। तुनिषा के साथी कलाकार और ब्वॉयफ्रेंड शीजान खान (Sheezan Khan) ने पुलिस सामने एक बेहद ही चौंकाने वाला खुलासा किया है। शीजान ने पुलिस को बताया कि वह अफताब के श्रद्धा की हत्या करने के बाद 'देश में बने माहौल से काफी परेशान था' कि उसने तुनिषा के साथ अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने कथित तौर पर कहा, "उसने तुनिषा से कहा था कि उनके अलग-अलग धर्मों और उम्र के अंतर के कारण उनका रिश्ता टिकाऊ नहीं है।" तुनिषा 24 दिसंबर को वसई में मृत पाई गई थीं।

नई एजेंसी ANI के अनुसार, हिरासत में अपने पहले दिन के दौरान, शीजान ने वालीव पुलिस को बताया कि उसने श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड की मीडिया कवरेज को देखने के बाद तुनिषा के साथ रिश्ता खत्म कर लिया था।


पूछताछ के दौरान, शीजान ने कथित तौर पर यह भी कहा कि तुनिषा ने उनके ब्रेकअप के बाद पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी। करीब 15 दिनों पहले ही तुनिषा और शिजान ने ब्रेकअप कर किया था।

Tunisha Sharma Suicide: कौन हैं एक्टर शीजान खान, जिन्हें तुनिषा शर्मा आत्महत्या मामले में किया गया है गिरफ्तार?

ANI ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया, "तुनिषा ने इससे पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन तब मैंने उसे बचा लिया था और उसकी मम्मी को उसका खास ध्यान रखने के लिए भी बोला था।"

रविवार को महाराष्ट्र के वसई की एक अदालत ने तुनिषा की कथित आत्महत्या के मामले में अभिनेता शीजान खान को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तारी के बाद वालीव पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

'मेरी बेटी का किया इस्तेमाल'

वहीं दूसरी तरफ एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मां ने सोमवार को आरोप लगाया कि शीजान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और उसका इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, 21 साल की अभिनेत्री तुनिषा ने शनिवार को पालघर के वसई इलाके में एक धारावाहिक के सेट पर वॉशरूम में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

पत्रकारों से बातचीत में तुनिषा की मां ने दावा किया कि खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया। उन्होंने कहा, “शीजान को सजा मिलनी चाहिए। उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। मैंने अपनी बेटी खो दी है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “खान के तुनिषा के साथ संबंध थे और उसने उससे शादी करने का वादा किया था। तुनिषा के अलावा दूसरी महिलाओं के साथ भी उसके रिश्ते थे। उसने तीन से चार महीने तक तुनिषा का इस्तेमाल किया।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।