टीवी एक्ट्रेस सपना सिंह के बेटे की कैसे हुई मौत? हत्या के आरोप में दो दोस्त गिरफ्तार, ओवरडोज की बात कबूली

Sapna Singh Son Death Row: टीवी एक्ट्रेस सपना सिंह के बेटे सागर स्कूल गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। तब परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को उसका शव बरामद हुआ लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। हालांकि, सोमवार को सागर के परिजनों ने शव की पहचान कर ली

अपडेटेड Dec 11, 2024 पर 6:09 PM
Sapna Singh Son Death Row: घटना के बाद सागर के गांव में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया

Sapna Singh Son Death Row: 'क्राइम पेट्रोल' और 'माटी की बन्नो' सीरियल में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर टीवी एक्ट्रेस सपना सिंह के 14 साल के बेटे को उसके दो दोस्तों ने कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाया जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के विरोध में एक्ट्रेस ने बरेली में विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, 8वीं क्लास का छात्र 14 वर्षीय सागर अपने मामा ओम प्रकाश के साथ बरेली के आनंद विहार कॉलोनी में रहता था। रविवार सुबह उसका शव इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अदलखिया गांव के पास मिला। एक दिन पहले ओम प्रकाश ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने परिजनों के हवाले से पीटीआई को बताया कि सागर शनिवार को स्कूल गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। तब परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को उसका शव बरामद हुआ लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। हालांकि, सोमवार को सागर के परिजनों ने शव की पहचान कर ली। मंगलवार को 90 मिनट से अधिक समय तक चला एक्ट्रेस का विरोध प्रदर्शन स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त हुआ।

हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार


पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री के बेटे सागर गंगवार के दो दोस्तों अनुज और सनी (दोनों वयस्क हैं) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्राधिकारी (फरीदपुर) आशुतोष शिवम ने बताया, "पोस्टमार्टम से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि जहर या नशे की ओवरडोज से मौत के संकेत मिले हैं। आगे की जांच के लिए शव का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।"

भुता थाना के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया, "अनुज और सनी ने पूछताछ के दौरान कबूल किया कि उन्होंने सागर के साथ मादक पदार्थ और शराब का सेवन किया था। ओवरडोज के कारण सागर बेहोश हो गया। घबराकर वे सागर को घसीटकर एक खेत में ले गए और उसे वहीं छोड़ दिया।"

CCTV से सनसनीखेज खुलासा

शुरुआत में इसे अज्ञात मामला मानकर पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि, बारादरी पुलिस ने सात दिसंबर को ओम प्रकाश द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली थी। शव की पहचान के बाद, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में अनुज और सनी बेहोश सागर को घसीटते हुए दिख रहे थे।

ये भी पढ़ें- 'विवाहित महिलाएं धारा 498A का दुरुपयोग कर रही हैं': अतुल सुभाष खुदकुशी के बीच SC की बड़ी टिप्पणी

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। घटना के बाद सागर के गांव में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। लोगों ने सड़क जाम कर दी और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। सपना सिंह मंगलवार को मुंबई से लौटीं तो उन्होंने अपने बेटे को मृत पाया। अपने बेटे के शव को देखकर वह रो पड़ीं और न्याय की मांग की। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हत्या का मामला जोड़ा और भुता थाने में नई FIR दर्ज की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।