Allu Arjun: साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के गिरफ्तारी ने पूरे सिनेमा जगत में हलचल मचा दी। शुक्रवार यानी 13 दिसंबर की सुबह हैदराबाद पुलिस ने संध्या थिएटर मामले में एक्टर अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए जान के बाद एक्टर को निचली अदालत ने 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं अब तेलंगाना हाई कोर्ट ने अल्लू अर्जुन को जमानत दे दी है।
निचली अदालत ने संध्या थिएटर में महिला की मौत मामले में अल्लू अर्जुन को जेल भेजा था, जिसके कुछ ही देर बाद एक्टर को जमानत भी मिल गई। वहीं अब एक्टर की गिरफ्तारी पर बॉलीवुड अभिनेता वरूण धवन ने अपनी बात रखी है।
बेबी जॉन के एक्टर वरुण धवन अपनी फिल्म के प्रचार के लिए जयपुर में थे। वरुण धवन ने अल्लू अर्जुन को सपोर्ट करते हुए कहा, "सुरक्षा प्रोटोकॉल ऐसी चीज नहीं है जिसकी जिम्मेदारी अभिनेता अकेले नहीं ले सकता है। हम अपने आस-पास के लोगों को बता सकते हैं। जो घटना हुई वह बहुत दुखद थी। मैं इस घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक्टर ने आगे कहा, आप इस घटना के लिए केवल एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते है। अल्लू अर्जुन का इरादा कभी भी नुकसान पहुंचाने का नहीं था और इसकी जिम्मेदारी इवेंट और भीड़ नियंत्रण का प्रबंधन करने वालों की होनी चाहिए।"
हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी
फिल्म के रिलीज से पहले 4 दिसंबर की रात को हैदराबाद के संध्या थिएटर में पुष्पा 2 का प्रीमियर शो रखा गया था। फिल्म के प्रीमियम के दौरान देर रात को अल्लू अर्जुन थिएटर में अपने फैन्स से मिलने पहुंचे। एक्टर के पहुंचने की खबर मिलते ही अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए संध्या थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी। जिसकी वजह से वहां पर अफरा-तफरी मच गई थी। अल्लू अर्जुन को देखने के लिए लोग एक दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे जिससे वहां भगदड़ मच गई।
इस भगदड़ में एक 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई और उसका आठ साल का बच्चा घायल हो गया, उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में पीड़ित परिवार के घर वालों ने एक्टर के खिलाफ केस दर्ज करवाया था, जिसके बाद आज अल्लू अर्जुन को अरेस्ट किया गया था। अब इस मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है, क्योंकि मृतक महिला रेवती के पति भास्कर ने अब कहा है कि वह केस वापस लेने को तैयार हैं।