Vir Das Instagram Post: स्टैंड अप कॉमेडियन-एक्टर वीर दास अपने अनोखे कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। वह अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी लोगों को हंसाते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जो पढ़कर लोग काफी हैरान हुए। इस पोस्ट में उन्होंने एक दिल छू लेने वाली मुलाकात की कहानी साझा की।
वीर दास की यह मुलाकात हुई सैन जोस एयरपोर्ट पर एक कैब ड्राइवर से। वह ड्राइवर कोई और नहीं, बल्कि आईआईटी मुंबई से पीएचडी कर चुके एक पूर्व वैज्ञानिक थे, जिन्हें अपनी नौकरी से निकाल दिया गया था और अब अमेरिका में अपने गुजारे के लिए कैब चला रहे हैं।
वीर दास ने शेयर किया पोस्ट
वीर दास ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ड्राइवर गाड़ी चलाने में असहज थे, लेकिन उनकी गहरी बातचीत ने दोनों के बीच की दूरी को खत्म कर दिया। वह भारतीय थे, इसलिए हमने हिंदी में बात शुरू की। विदेश में भारतीयों से हिंदी में बात करने से दोनों को घर की याद थोड़ी कम होती है।" बातचीत के दौरान ड्राइवर ने बताया कि अमेरिका में काम करना कितना मुश्किल है और कहा, "तसल्ली नहीं है, आप कभी पूरी तरह से आराम नहीं कर सकते।" बाद में उस ड्राइवर ने वीर को बताया कि वह आईआईटी मुंबई से पीएचडी कर चुका है और वैज्ञानिक है, जिसे एक साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी वजह से फिलहाल वह ड्राइविंग का काम कर रहा है।"
सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ वायरल
वीर दास ने पोस्ट के अंत में लिखा, "हम अब दोस्त हैं, शायद कभी न मिलें। ड्रॉप ऑफ पर मैंने उनसे हाथ मिलाया और कहा 'तुम्हारे अच्छे के लिए शुभकामनाएं'। मन में बस यही ख्याल था कि उम्मीद है तुम जल्द ही अपनी प्रतिभा का सही उपयोग कर सको।" वीर दास का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया और इसके चर्चे होने लगे। इसे लगभग 15,000 लाइक्स मिले, और कई लोगों ने टूटे दिल वाले इमोजी के जरिए प्रतिक्रिया दी। फिलहाल, वीर दास अपने अंतरराष्ट्रीय "माइंड फूल" टूर पर हैं, जो 2023-2024 में एंटार्कटिका को छोड़कर हर महाद्वीप में आयोजित हो रहा है। उनकी हालिया परफॉर्मेंस सैन जोस, कैलिफोर्निया में हुई।