दिग्गज एक्ट्रेस वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया जाएगा सम्मानित

Dadasaheb Phalke Award 2023: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को X पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में अपनी उम्दा अदाकारी से लाखों दिलों को जीतने वाली वहीदा रहमान लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजी जाएंगी। उन्होंने दिग्गज एक्ट्रेस की उपलब्धियों को सूचीबद्ध करते हुए उनके सम्मान की घोषणा करते हुए एक लंबा नोट शेयर किया

अपडेटेड Sep 26, 2023 पर 3:49 PM
Story continues below Advertisement
Dadasaheb Phalke Award 2023: लगभग सात दशकों के करियर के साथ वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा का स्तंभ माना जाता है

Dadasaheb Phalke Lifetime Achievement Award 2023: गुजरे जमाने की दिग्गज बॉलीवुड एक्ट्रेस वहीदा रहमान (Waheeda Rahman) को भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए इस साल दादासाहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को X पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में अपनी उम्दा अदाकारी से लाखों दिलों को जीतने वाली वहीदा रहमान लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजी जाएंगी। उन्होंने दिग्गज एक्ट्रेस की उपलब्धियों को सूचीबद्ध करते हुए उनके सम्मान की घोषणा करते हुए एक लंबा नोट साझा किया।

आपको बता दें कि वहीदा ने 'गाइड', 'प्यासा', 'साहब बीबी और गुलाम', 'दिल्ली-6', 'कागज के फूल' समेत कई अन्य फिल्मों में यादगार किरदार निभाए। लगभग सात दशकों के करियर के साथ उन्हें भारतीय सिनेमा का स्तंभ माना जाता है। रहमान को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के साथ तीन फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुका है। उन्हें हिंदी सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में से एक माना जाता है। 1972 में भारत सरकार ने रहमान को पद्म श्री से सम्मानित किया। बाद में उन्हें 2011 में पद्म भूषण दिया गया। पांच दशकों से अधिक के करियर के दौरान रहमान ने 90 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, ''मुझे यह ऐलान करते हुए बेहद खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है कि वहीदा रहमान जी को भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए इस साल प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। वहीदा जी को हिंदी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए क्रिटिक्स द्वारा सराहा गया है। उनकी 'प्यासा', 'कागज के फूल', 'चौदहवी का चांद', 'साहेब बीवी और गुलाम', 'गाइड', 'खामोशी' समेत कई अन्य फिल्में हैं। अपने 5 दशकों से ज्यादा के करियर में, उन्होंने अपने किरदार को बेहद खूबसूरती से निभाया है। इसी कारण उन्हें फिल्म 'रेशमा और शेरा' में एक कुलवधू की भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।''


उन्होंने आगे लिखा, ''पद्म श्री और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित, वहीदा जी ने एक भारतीय नारी के डेडिकेशन, सट्रेंथ और कमिटमेंट का उदाहरण पेश किया है जो अपनी कड़ी मेहनत से प्रोफेशनल लेवल पर भी ऊंचाइयों को छू सकती है। ऐसे समय में जब ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद द्वारा पारित किया गया है, उन्हें इस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना भारतीय सिनेमा की अग्रणी महिलाओं में से एक के लिए एक सच्चा सम्मानहै और जिन्होंने फिल्मों के बाद अपना जीवन भलाई के लिए समर्पित किया और समाज के भले के लिए काम किया। मैं उन्हें बधाई देता हूं और विनम्रतापूर्वक उनके समृद्ध काम के लिए अपना सम्मान व्यक्त करता हूं, जो हमारे फिल्म इतिहास का आंतरिक हिस्सा है।''

ये भी पढ़ें- दिल्ली में ज्वेलरी के शोरूम में 25 करोड़ की चोरी, छत काटकर गहने उड़ा ले गए चोर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।