दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर पिछले दो महीने से भी किसान आंदोलन (Farmers Protest) जारी है। किसान केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों (Farm Laws) का विरोध कर रहा हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन का आज 70वां दिन है। 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने ऐलान किया है कि 6 फरवरी को तीन घंटे तक चक्का जाम किया जाएगा। इस दौरान सभी नेशनल और स्टेट हाइवे को जाम किया जाएगा। यहां पढ़ें किसान आंदोलन से जुड़े सभी बड़े अपडेट्स...

किसान आंदोलन LIVE Updates:

- राकेश टिकैत ने कहा कि सिर्फ 2 राज्यों में चक्का जाम नहीं होगा। ये 2 राज्य हैं- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड। इन 2 राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा। उन्होंने कहा कि इन दो राज्यों में कृषि कार्य और परिस्थितियों को देखते हुए ये फैसला लिया गया है कि चक्का जाम के बजाए सभी जिलों में जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

- जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपने-अपने जगहों पर कल चक्का जाम शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे। ये जाम दिल्ली में नहीं होगा: राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता

- दिल्ली के पुलिस आयुक्त किसानों के प्रस्तावित चक्का जाम पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

- राज्यसभा में BSP सांसद सतीश मिश्रा ने कहा कि विरोध स्थलों के पास कीलें गाढ़ दी गई हैं। मुझे लगता है कि सरकार ने पाकिस्तान की सीमा पर भी इस तरह की तैयारी नहीं की होगी, जैसा कि वह दिल्ली की सीमाओं पर कर रही है। अन्नादतों को राष्ट्र का दुश्मन कहा जा रहा है। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि अहंकार को दूर करें और तीन कानूनों को निरस्त करें।

- किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि अगर कुछ विदेशी लोग आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं, तो इसमें समस्या क्या है? वे न हमसे कुछ ले रहे हैं और न ही हमें कुछ दे रहे हैं।

- गाज़ीपुर बॉर्डर से किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सभी राज्य और ज़िलों के हाइवे पर कल चक्का जाम किया जाएगा। दिल्ली में तो पहले से ही किसान बैठे हैं इसलिए यहां चक्का जाम वाली स्थिति नहीं होगी। देश की अन्य जगहों पर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम की स्थिति रहेगी। आज 10 बजे की बैठक में हम ये तय करेंगे कि किस तरह से शांतिपूर्ण ढंग से ये आंदोलन करना है और संयुक्त मोर्चा की तरफ से दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।

- संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि आंदोलन जारी है और यह गैर-राजनीतिक रहेगा और किसी भी राजनीतिक नेता को इसके मंच से बोलने की अनुमति नहीं है।

- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली और गाजियाबाद के लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ेगा क्योंकि गाजीपुर-गाजियाबाद (यूपी गेट) बॉर्डर पूरी तरह से बंद है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ, NH-9 और NH-24 के सभी छह लेन भी बंद हैं, क्योंकि यूपी गेट बॉर्डर नाकाबंदी और गाजियाबाद से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों जैसे कि आनंद विहार, सूर्य नगर, अप्सरा, भोपरा, लोनी, कोंडली, चिल्ला, न्यू अशोक नगर, डीएनडी, और कालिंदी कुंज का इस्तेमाल करें।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।