भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर और इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार हो गए हैं। उनसे ठगी करने वाला भी हरियाणा का एक पूर्व क्रिकेटर है, जो अभी जेल में बंद है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हरियाणा के पूर्व क्रिकेटर मृणांक सिंह (Mrinank Singh) ने लग्जरी घड़ियों, बैग और ज्वैलरी सस्ते दाम में दिलाने के नाम पर पंत से 1.6 करोड़ रुपये की ठगी की है।
इसके अलावा मृणांक सिंह पर मुंबई के एक बिजनेसमैन से भी 6 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। इस सिलसिले में जुहू पुलिस ने उसे इसी महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद है। 23 वर्षीय मृणांक हरियाणा की अंडर-19 टीम में खेल चुका है और साल 2018 के IPL नीलामी सूची में भी उसका नाम था। पुलिस का कहना है कि मृणांक सिंह आदतन ठग है और अब तक उसके खिलाफ धोखाधड़ी के 18 मामले दर्ज हो चुके हैं
कैसे धोखाधड़ी के शिकार हुए पंत?
यह मामला कुछ महीने पहले का है, जब मृणांक सिंह ने पंत को 1.6 करोड़ रुपये का चेक दिया था। हालांकि पंत ने जब यह चेक लगाया तो यह अपर्याप्त फंड के चलते बाउंस हो गया। इसके बाद यह नेगोशिएबल इंस्टूमेंट्स एक्ट का मामला बन गया।
पंत के वकील एकलव्य द्विवेदी से मीडिया से बात करते हुए बताया कि दोनों क्रिकेटर एक दूसरे को क्रिकेट के जरिए जानते थे और जोनल क्रिकेट एकेडमी कैंप में वो साथ में थे।
साल 2021 में मृणांक सिंह ने पंत को बताया कि वह लग्जरी आइट्म्स के रीसेल का एक नया बिजनेस शुरू कर रहा है और वह उन्हें कई लग्जरी आइटम सस्ते में दिला सकता है। पंत ने इसके बाद कुछ लग्जरी आइटम को खरीदने के लिए उसे पैसे दिए। साथ ही उन्होंने अपनी एक लग्जरी घड़ी और ज्वैलरी भी उसे दिए, जिसे बेचकर उसे पंत को पैसे देने थे।
रिपोर्टों के मुताबिक पंत ने उसे करीब 65 लाख रुपये के सामान बेचने के लिए दिए थे। मृणांक सिंह जब पंत को उनके बताए लग्जरी आइटम नहीं दिला सका और न ही उनके दिए आइटम बेच सका, तो उन्होंने उससे अपने पैसे और सामान वापस मांगे। पंत ने इस मामले में मृणांक सिंह को एक लीगल नोटिस भी भेजा, जिसके बाद दोनों पक्षों ने मिलकर 1.63 करोड़ रुपये में इस मामले को खत्म करने पर सहमित जताई।
मृणांक सिंह ने समझौते के तहत पंत को 1.63 करोड़ रुपये का चेक दिया, जो बीते फरवरी महीने में अपर्याप्त बैलेंस के चलते बाउंस हो गया। द्विवेदी ने बताया कि ब्याजा के साथ अब यह राशि बढ़कर 18. से 1.9 करोड़ के बीच में है। इस मामले में अब 19 जुलाई को सुनवाई होनी है।
बिजनेसमैन और फिल्म डायरेक्टर को भी लगाया चूना
पंत की ही तरह मृणांक ने मुंबई के एक बिजनेमैन को भी महंगी घड़ियां और मोबाइल फोन सस्ते दाम में दिलाने का वादा किया और फिर उनसे 6 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। बिजनेसमैन ने इस मामले में जुहू पुलिस में शिकायत की और जिसके बाद पुलिस ने उसे इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया।
मृणांक के गिरफ्तार होने के बाद मुंबई में रहने वाले एक फिल्म डायरेक्टर ने भी पुलिस को बताया कि 23 वर्षीय इस क्रिकेटर ने उन्हें 25 हजार रुपये का चुना लगाया था। उन्होंने बताया कि वह मृणांक से चंडीगढ़ के फाइव-स्टार होटल में मिले थे, जहां उसने उनकी फिल्म में पैसा लगाने का वादा किया था। उसने 28 अप्रैल को मुंबई में उनसे और उनकी फिल्म के स्क्रिप्ट-राइटर से मिलने का वादा भी किया था।
फिल्म डायरेक्टर ने बताया कि अगले दिन मृणांक ने उन्हें बुलाया और कहा कि उसका पर्स चोरी हो गया है और क्या वह उसका होटल का बिल चुका देंगे। मृणांक ने डायरेक्ट से 28 अप्रैल की मुलाकात में पैसा चुकाने का वादा किया था। डायरेक्टर ने बताया कि उन्हें अखबार में मृणांक की गिरफ्तारी की खबर के बाद एहसास हुआ कि मृणांक ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
होटलों में नहीं देता था पैसा
मृणांक सिंह ने कथित तौर पर कई होटलों को भी चूना लगाया है। वह होटल स्टाफ से दावा करता था कि वह मुंबई इंडियन टीम का सदस्य है और उसका बिल टीम मैनेजर चुकाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक 18 लोगों ने सामने आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि मृणांक ने उनके साथ ठगी की है। पुलिस का मानना है कि मृणांक अपनी आलीशान जिंदगी जीने के लिए ये अपराध करता था।