Haryana Violence Highlights: हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद तनावपूर्ण हालात के चलते अभी भी जिले में कर्फ्यू जारी है। 8 अगस्त तक जिले में इंटरनेट बंद है। इस बीच, सांप्रदायिक झड़पों में छह लोगों की मौत के बाद नूंह जिले में सोमवार को पहली बार बैंक और ATM खोले जाएंगे। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि नूंह में इंटरनेट पर प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा जब तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। नूंह हिंसा के बाद आसपास के अन्य जिलों में हुई छुटपुट घटनाओं के चलते तनावपूर्ण माहौल को देख इंटरनेट पर पाबंदी लगाई गई है। वहीं, हिंसा के बाद शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी है। दंगे में शामिल आरोपियों के घर-दुकान और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है।
बैंक और ATM आज फिर से खुलेंगे
अधिकारियों ने बताया कि नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) की जलाभिषेक यात्रा को लेकर झड़पें होने के एक हफ्ते बाद सोमवार को प्रायोगिक आधार पर बैंक और ATM फिर से खोले जाएंगे। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि नूंह, तावड़ू, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका, पिंगावन और नगर निगम इलाकों में सोमवार को कुछ समय के लिए वित्तीय संस्थान खोले जाएंगे। जिलाधिकारी धीरेंद्र खड़गटा की ओर से रविवार को जारी आदेश के मुताबिक, प्रायोगिक आधार पर 7 अगस्त को बैंक और एटीएम खोलने का फैसला किया गया है। बैंकों में वित्तीय लेनदेन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जबकि ATM शाम 3 बजे तक खुले रहेंगे।
खड़गटा ने कहा कि सरकारी कार्यालय भी 7 अगस्त को सुचारू रूप से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपना पहचान पत्र दिखाकर अपने कार्यस्थल में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्थिति सामान्य हो रही है और हालात नियंत्रण में है। इसके अलावा, रविवार को पांच जिलों-कुरुक्षेत्र, पंचकूला, करनाल, हिसार और पानीपत में सीईटी परीक्षा केंद्रों के लिए मुफ्त बस सेवा प्रदान की गई है।
यह सेवा सोमवार को परीक्षार्थियों के लिए भी उपलब्ध रहेगी। नूंह-अलवर-जयपुर, नूंह-अलवर और नूंह-गुरुग्राम जैसे रूट पर पांच बस सेवाएं प्रदान की गईं हैं। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की जलाभिषेक यात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में हुईं झड़पों के बाद 56 FIR दर्ज की गईं हैं और 147 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा में छह लोग मारे गए और 88 घायल हो गए।
हरियाणा सरकार ने नूंह में मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाओं का निलंबन 8 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। आधिकारिक आदेश में कहा गया कि पलवल जिले में इन दोनों सेवाओं का निलंबन 7 अगस्त शाम 5 बजे तक बढ़ा दिया गया है। VHP की शोभायात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर 31 जुलाई को नूंह में हुई झड़प के बाद मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। बाद में यह झड़प गुरुग्राम और राज्य के अन्य जिलों में फैल गई। झड़पों में छह लोगों की मौत हो गई है।
मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाओं का निलंबन बढ़ाने का आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टीवी एस एन प्रसाद ने शनिवार शाम को जारी किया। हरियाणा सरकार ने इससे पहले मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित कर दिया था और बाद में इसे 5 अगस्त तक बढ़ा दिया था।
आदेश में कहा गया है कि यह आदेश जिला नूंह के अधिकार क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए बढ़ाया गया है और 08.08.2023 (रात 11:59 बजे) तक लागू रहेगा।
वहीं, एक अलग आदेश में, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने कहा कि यह आदेश जिला पलवल, हरियाणा के अधिकार क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था की किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए बढ़ाया गया है, और 07.08.2023 (शाम 5 बजे) तक लागू रहेगा।